दमोह

भाजपा के दिग्गज नेता का निधन, पार्टी में शोक की लहर

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने शोक व्यक्त किया...।

less than 1 minute read
May 18, 2021

दमोह। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद शिवराज सिंह लोधी का निधन हो गया। भोपाल के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। लोधी के निधन से पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री चौहान एवं केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल समेत कई नेताओं ने दुख व्यक्त किया है।

भाजपा के पूर्व सांसद शिवराज सिंह लोधी का मंगलवार को निधन हो गया। उनके निधन पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने ट्वीट कर दुख व्यक्त किया है।

केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा है कि दमोह के पूर्व सांसद भाजपा के वयोवृद्ध नेता आदरणीय शिवराज सिंह लोधी 'शिवराज भैया' ने अस्वस्थता के दौरान भोपाल में अंतिम सांस ली। सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति निष्ठावन नेता का जाना अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने ट्वीट संदेश में कहा है कि दमोह लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद श्री शिवराज सिंह लोधी के निधन की दुःखद सूचना मिली है। उनका जाना संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को शांति दें और उनके परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।


प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी अपने ट्वीट संदेश में दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि भाजपा वरिष्ठ नेता एवं दमोह लोकसभा क्षेत्र से पूर्व सांसद श्री शिवराज सिंह लोधी जी के निधन का शोक समाचार मिला। ईश्वर से विनम्र प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में विश्रांति दें एवं शोकाकुल परिवार को इस दु:खद घड़ी में संबल प्रदान करें।

Published on:
18 May 2021 01:59 pm
Also Read
View All