
Damoh Woman Death: मध्यप्रदेश के दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र के बनगांव में गुरुवार दोपहर कथित प्रेम प्रसंग को लेकर एक बड़ी घटना सामने आई। एक युवक ने अपनी कथित प्रेमिका की हत्या कर दी और फिर खुद की भी जान देने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही एसपी आनंद कलादगी पुलिस टीम के साथ बनगांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की पहचान वर्षा विश्वकर्मा के रूप में हुई है। मृतका के पति मोनू विश्वकर्मा के अनुसार, वर्षा गुरुवार को अपने मायके बनगांव में थी। वो पत्नी को लेने के लिए गया था और जब वो पत्नी व बच्चे के साथ घर से बाहर निकले तभी आरोपी अज्जू उर्फ अजय पिता हरिशंकर दुबे वहां पहुंचा और वर्षा से दो मिनट बात करने की बात कही। वर्षा ने जब उससे पूछा कि क्या बात करनी है, तभी आरोपी ने संदिग्ध वस्तु से उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा तफरी मच गई। वर्षा को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी हमें भी मारने के लिए दौड़ा और धमकाया। जिसके कारण बच्चे को लेकर पीछे हट गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
घटना की सूचना मिलने के बाद गांव पहुंची पुलिस ने आरोपी अज्जू को हिरासत में लिया। आरोपी को पकड़ने के बाद पता चला कि आरोपी ने भी संदिग्ध पदार्थ का सेवन कर लिया है। पुलिस उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची। उपचार के दौरान आरोपी ने पुलिस के सामने कथित तौर पर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में दावा किया कि उसने व वर्षा ने पहले से प्लानिंग की हुई थी। आरोपी का कहना है कि इसी योजना के तहत उसने पहले वर्षा की हत्या की और फिर खुद जान देना चाहता था। हालांकि पुलिस ने इस दावे को फिलहाल हत्या का अंतिम कारण नहीं माना है।
मृतका के पति मोनू विश्वकर्मा ने बताया कि उनकी और वर्षा की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। दोनों का एक बेटा है। पति के अनुसार उन्हें पत्नी और आरोपी के बीच किसी कथित संबंध की जानकारी नहीं थी। एसपी आनंद कलादगी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर उपचार के लिए भेजा गया है। हत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस मृतका के परिजनों सहित अन्य लोगों के बयान दर्ज कर रही है। घटनास्थल की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।