
Damoh Woman Nose Fly Larvae: मध्यप्रदेश के दमोह जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने एक बुजुर्ग महिला की नाक से मक्खी के 45 से 50 लार्वा निकालकर उसका सफल उपचार किया है। करीब 65 वर्षीय महिला नाक से लगातार खून आने और असहनीय दर्द व तकलीफ से परेशान थी। जब वो अस्पताल पहुंची तो डॉक्टर ने उसकी जांच की तो नाक के अंदर बड़ी संख्या में लार्वा दिखाई दिए। इसके बाद डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया और एंडोस्कोपिक पद्धति से सभी कीड़ों को बाहर निकाला।
जिला अस्पताल के नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल शुक्ला ने महिला का उपचार किया। उन्होंने बताया कि महिला काफी तकलीफ में उनके पास आई थी। उसकी स्थिति को देखते हुए पहले एंडोस्कोपिक जांच की गई थी। इस दौरान नाक के भीतर बड़ी संख्या में लार्वा नजर आए। नाक में लार्वा दिखने के बाद तुरंत महिला को ऑपरेशन थिएटर में शिफ्ट किया गया और वहां एंडोस्कोपिक तकनीक की मदद से सावधानीपूर्वक नाक के अंदर से लार्वा निकाले गए। डॉ. विशाल शुक्ला ने बताया कि 45-50 लार्वा महिला की नाक से निकाले गए हैं। लार्वा निकाले जाने के बाद महिला की हालत में काफी सुधार आया है।
डॉ. विशाल शुक्ला के अनुसार, मक्खी ने महिला की नाक में अंडे दिए थे, जिनसे लार्वा विकसित हो गए। अगर समय पर इलाज नहीं होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। उन्होंने बताया कि सितंबर से दिसंबर के बीच इस तरह की समस्या होने की आशंका रहती है। ऐसे में बुजुर्गों की देखभाल को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बुजुर्गों को मच्छरदानी में सुलाना चाहिए और उनकी साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी बुजुर्ग की नाक से दुर्गंध आए, खून निकले या कोई अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दें तो तत्काल डॉक्टर से जांच कराएं।