दंतेवाड़ा

इसरो के रॉकेट्स से लेकर अंतरिक्ष यात्रियों की पोशाक तक, नवोदय स्कूल के बच्चों ने लिया वैज्ञानिक ज्ञान

CG News: इस साइंस सेंटर का उद्देश्य केवल विज्ञान की शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, प्रयोगधर्मी बनाने और उनके अंदर नए आविष्कारों की संभावनाओं को जागृत करना है।
2 min read
विज्ञान की समझ बढ़ाने पर जोर (Photo source- Patrika)
विज्ञान की समझ बढ़ाने पर जोर (Photo source- Patrika)

CG News: पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय बारसूर में 12 वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं ने बुधवार को जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा स्थित अत्याधुनिक साइंस सेंटर और वन मंदिर का अध्ययन भ्रमण किया। इस साइंस सेंटर में बच्चों ने किताबों में पढ़े जा रहे विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों को साकार रूप में देखा तो उनकी खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा।

बच्चों ने न सिर्फ ड्रोन उड़ाया, बल्कि भारत के अंतरिक्ष अभियान से जुड़े इसरो के विभिन्न रॉकेट, उपग्रह के मॉडल्स, अंतरिक्ष यात्रियों की पोशाक व उपकरण के मॉडल्स देखे। विशेष उपकरण की सहायता से अंतरिक्ष से धरती की ओर दिखने वाले नजारे को महसूस भी किया।

CG News: परिवार ने कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त किया

विभिन्न साइंटिफिक थीम पर आधारित कक्ष जैसे इंडस्ट्री रूम, फिजिक्स रूम, इमर्सिव रूम, मिनी वर्ल्ड रूम, हार्वेस्ट हब का भ्रमण करते हुए प्रयोगों और प्रदर्शनों के बारे में चर्चा करते हुए विज्ञान संबंधित सिद्धांतों जैसे न्यूटन के उद्गम स्थल चुंबकीय उत्तोलन, वानडे ग्राफ जनरेटर, तरंग मंडल, लेंज लॉ, बैलिस्टिक पेंडुलम, टेस्ला कॉईल, प्लाज्मा बल, प्रकाशकीय गति, व्हिम्स हर्सट मशीन को समझा। अत्याधुनिक एआई तकनीक और रोबोटिक्स उपकरणों को बच्चों ने बड़ी जिज्ञासा से देखा।

साइंस सेंटर के बाद विद्यार्थियों ने वन मंदिर पार्क का भ्रमण किया, जहां नक्षत्र वाटिका, राशि वन में रोपे गए पौधों की जानकारी ली। साथ ही मानव शरीर के विभिन्न अंगों में होने वाली बीमारियों के इलाज में उपयोग होने वाली औषधीय वनस्पतियों को भी देखा। जिला कलेक्टर व पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय समिति के पदेन अध्यक्ष कुणाल दुदावत की पहल पर विद्यालय के इन बच्चों को इस शैक्षणिक भ्रमण पर लाने की व्यवस्था की गई थी। इसके लिए विद्यालय के प्राचार्य धर्मेंद्र कुमार यादव समेत विद्यालय परिवार ने कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त किया।

विज्ञान की समझ बढ़ाने पर जोर

इस साइंस सेंटर का उद्देश्य केवल विज्ञान की शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, प्रयोगधर्मी बनाने और उनके अंदर नए आविष्कारों की संभावनाओं को जागृत करना है। केंद्र में रखे गए इंटरएक्टिव मॉडल, डिजिटल डिस्प्ले, और प्रयोगशालाएं बच्चों को विज्ञान को केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित न रखकर, उसे जीवंत रूप में समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

पीएम मोदी भी कर चुके जिक्र

CG News: जिले के युवा और बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने करने और विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से यहाँ विज्ञान केंद्र की स्थापना की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम मन की बात के जरिये राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित हो चुके इस सेंटर में विद्यार्थी विभिन्न वैज्ञानिक माडलों, प्रयोगों और प्रदर्शनों को न केवल देखते हैं, बल्कि उन्हें प्रयोग कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी खोजते हैं।

Updated on:
24 Jul 2025 12:29 pm
Published on:
24 Jul 2025 12:28 pm