
जिले को मिली नालंदा परिसर की सौगात (Photo source- Patrika)
CG News: हाईटेक लाइब्रेरी में मिलने वाली सुविधाओं के लिए प्रदेश में अपनी पहचान बना चुके नालंदा परिसर का लाभ अब जिले के छात्र-छात्राओं को भी मिलेगा। राज्य सरकार ने जिला मुख्यालय बलौदा बाजार में अब नालंदा परिसर के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। उप मुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्री अरुण साव के 15 जुलाई को जारी पत्र के माध्यम से जब नगरवासियों को उक्त स्वीकृति की जानकारी मिली तो लोग उत्साहित हो गए।
शासन ने अधोसंरचना मद से बलौदा बाजार में सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन 250 सीटर के लिए 441.49 लाख रुपए की स्वीकृति दी है। नगरवासियों ने उक्त स्वीकृति के लिए उप मुख्यमंत्री के साथ ही साथ नालंदा परिसर के लिए लगातार प्रयास कर रहे स्थानीय विधायक व कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा के प्रयासों का भी आभार व्यक्त किया है। नालंदा परिसर के प्रारंभ हो जाने से अब छात्र-छात्राओं को एक बेहतरीन लाइब्रेरी के साथ राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों का भी लाभ प्राप्त हो सकेगा।
जिला मुख्यालय बलौदा बाजार में बीते वर्षों से नालंदा लाइब्रेरी प्रारंभ होने का इंतजार कर रहे नगरवासियों के लिए अब राहत भरी खबर है कि अब इसके निर्माण होने का रास्ता आसान हो गया है। बलौदा बाजार में नालंदा परिसर के जल्द से जल्द प्रारंभ हो जाने के लिए स्थानीय विधायक व कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा था।
बीते दिनों राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कलेक्टर दीपक सोनी, नपाध्यक्ष अशोक जैन और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ शहर के कई स्थानों का भ्रमण कर स्थल निरीक्षण किया था। उन्होंने निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल सहित अन्य जरुरी निर्देश अधिकारियों को दिए थे। मंत्री वर्मा ने सर्वप्रथम जिला मुख्यालय में निर्माण होने वाली नालंदा परिसर निर्माण के लिए वार्ड क्रमांक 20 स्थित 29 क्वार्टर के पास के स्थान को उपयुक्त मानते हुए स्थल निर्धारित किया था।
संभावना जताई जा रही है कि अब यहीं 441.49 लाख रुपए की लागत से राजधानी रायपुर की तर्ज पर नालंदा परिसर का निर्माण होगा। परिसर में सुसज्जित 250 सीटर लाइब्रेरी के साथ इंटरनेट सहित कई सुविधाएं मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर प्रदेश के जिलों में नालंदा परिसर का निर्माण किया जा रहा है।
CG News: छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा नालंदा लाइब्रेरी (पुस्तकालय) का निर्माण किए जाने से नगर में सामान्य अध्ययन के साथ साथ उच्च शिक्षा के लिए वृहद संसाधन के रूप में पुस्तकों का भंडार मिलेगा व नगर के बुद्धिजीवियों, विद्यार्थियों व ज्ञान अर्जित करने वाले तमाम लोग इसका लाभ उठा रहे सकेंगे। 24 घंटे, सातों दिन वाईफाई और इंटरनेट की सुविधा भी छात्रों को यहां मिलेगी। सिविल सर्विसेज के साथ मेडिकल, इंजीनियरिंग, क्लैट की तैयारी के साथ मैथ्स ओलिंपियाड के लिए भी किताबें यहां होंगी।
करियर गाइडेंस सेमिनार का आयोजन भी समय-समय पर किया जाएगा। 5वीं के बाद बच्चों को नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल में प्रवेश के लिए तैयारी के लिए एक किड्स स्टडी जोन और किड्स लाइब्रेरी भी अलग से तैयार होगी। नालंदा परिसर में स्मार्ट लाइब्रेरी व स्टडी जोन होगा। हजारों किताबों के संग्रह के साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर के ई बुक एक्सेस करने की भी सुविधा होगी। स्मार्ट लर्निंग पर फोकस होगा। 24 गुना 7 वाईफाई और इंटरनेट की सुविधा भी छात्रों को यहां मिलेगी।
Updated on:
19 Jul 2025 10:20 am
Published on:
19 Jul 2025 10:16 am
बड़ी खबरें
View Allबलोदा बाज़ार
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
