Miss India Universe Classic 2026: छत्तीसगढ़ के बचेली की सीमा साहू ने गोवा में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ‘मिस इंडिया यूनिवर्स क्लासिक 2026’ का खिताब जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया।
Miss India Universe Classic 2026: नगर की सीमा साहू ने ‘मिस इंडिया यूनिवर्स क्लासिक 2026’ का प्रतिष्ठित खिताब जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। एसएस फाउंडेशन द्वारा आयोजित प्रतियोगिता के पांचवें संस्करण में सीमा ने अपने आत्मविश्वास, प्रतिभा और प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। गोवा में आयोजित दो दिवसीय भव्य आयोजन में देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जहां टैलेंट राउंड, क्वेश्चन-आंसर राउंड, बॉलीवुड राउंड और गाउन राउंड जैसे विभिन्न चरण आयोजित किए गए।
सीमा साहू ने सभी राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। प्रतियोगिता के अंतिम चरण में जूरी सदस्यों के लिए विजेता का चयन करना बेहद चुनौतीपूर्ण रहा, क्योंकि सभी प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। आखिरकार बॉलीवुड अभिनेत्री दीपशिखा नागपाल ने सीमा साहू को विजेता घोषित करते हुए क्राउन पहनाकर सम्मानित किया।
सीमा साहू पेशे से मेकओवर आर्टिस्ट हैं और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। विभिन्न सामाजिक अभियानों और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यों में उनकी सहभागिता लगातार रही है। अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए सीमा ने कहा कि मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय परिवार, मित्रों और सहयोगियों को दिया।
कार्यक्रम की आयोजक शिखा साहू ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस मंच का उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि ‘मिस इंडिया यूनिवर्स क्लासिक’ का यह पांचवां सीजन था और हर वर्ष प्रतियोगिता को बेहतर स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है।
सीमा साहू की इस उपलब्धि से बचेली सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे नगर और प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया है। उनकी सफलता को उन महिलाओं के लिए प्रेरणा माना जा रहा है, जो मेकअप आर्ट, सोशल वर्क और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में आगे बढऩा चाहती हैं।