CG News : कृषि विज्ञान केन्द्र गीदम में ग्रामीण युवाओं का जैविक खेती विषय पर कौशल विकास हेतु छ: दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
दंतेवाड़ा। CG News : कृषि विज्ञान केन्द्र गीदम में ग्रामीण युवाओं का जैविक खेती विषय पर कौशल विकास हेतु छ: दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। उक्त प्रशिक्षण में ग्राम जावंगा के 15 प्रशिक्षार्थियों ने सफलता पूर्वक भाग लिया।
जैविक प्रक्षेत्र का भ्रमण कराया गया
कौशल विकास प्रशिक्षण अंतर्गत प्रशिक्षार्थियों को जिले के प्रगतिशील कृषक जयलाल यादव ग्राम हीरानार के जैविक प्रक्षेत्र का भ्रमण कराया गया। जिसमें जयलाल द्वारा जीवांमृत बनाने की विधि व उसके उपयोग के बारे में बताया गया तथा अपने फसल की वर्तमान स्थिति व जैविक खेती अपनाकर वर्ष में तीन फसल आसानी से कर लाभ कमाया जा सकता है। उन्होने जैविक खेती करने हेतु कम से कम एक गाय घर में रखने की बात कही।
इस प्रशिक्षण में केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डिप्रोशन बंजारा द्वारा जिले के वर्तमान जैविक स्थिति, जैविक खेती का परिचय जिसमें महत्व तथा फायदे के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया। उन्होंने कहा कि किसानों के घरों में उपलब्ध गाय के गोबर, गौमूत्र का उपयोग कर जैविक खेती हेतु जैविक खाद जैसे बीजांमृत, जीवांमृत, घनजीवांमृत, गोबर खाद, कम्पोस्ट व वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण कर जैविक खेती आसानी से किया जा सकता है।
साथ ही साथ फसल सुरक्षा हेतु जैविक कीटनाशक निमास्त्र, ब्रम्हास्त्र, हांडी दवा आदि के निर्माण व उचित उपयोग करने की जानकारी प्रदान की। इसी तारतम्य में केन्द्र के वैज्ञानिक अनिल कुमार ठाकुर द्वारा मौसम अनुरूप फसलों का चयन, मौसम आधारित खेती जैसे कीटों व बीमारी हेतु अनुकुल वातावरण की स्थिति में कीट प्रकोप व फसल रोग होने से पहले जैविक दवा तैयार कर समय पर उचित उपयोग करने से होने वाले फसल नुकसान को कम किया जा सकता है।
वीडियो प्रदर्शन का संचालन
प्रशिक्षण अंतर्गत प्रशिक्षार्थियों को जैविक खेती सिखाने व प्रोत्साहित करने हेतु वीडियो प्रदर्शन का संचालन तथा तकनीकी सहयोग सुरेन्द्र कुमार पोडयाम कार्यक्रम सहायक, कम्प्यूटर एवं लेखेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा दिया गया। प्रशिक्षण के अंत में ग्रामीण युवाओं को कौशल विकास अंतर्गत जैविक खेती प्रशिक्षण हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान कर छ: दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया।