दंतेवाड़ा

CG Weather News: झमाझम बारिश से मिली राहत, ओलों ने बदला मौसम का मिजाज, किसानों को फायदा

CG Weather News: दंतेवाड़ा जिले में अचानक मौसम बदलने से झमाझम बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
2 min read
दंतेवाड़ा में मौसम ने ली करवट (photo source- Patrika)
दंतेवाड़ा में मौसम ने ली करवट (photo source- Patrika)

CG Weather News: दंतेवाड़ा जिले में शुक्रवार को अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी। दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए और देखते ही देखते बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।

CG Weather News: बारिश का सकारात्मक असर

बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने पूरे वातावरण को ठंडा और खुशनुमा बना दिया। पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। शहर में जगह-जगह पानी भर गया, वहीं बच्चे बारिश का आनंद लेते नजर आए। जिले के ग्रामीण इलाकों में भी बारिश का सकारात्मक असर देखने को मिला है। किसानों ने इसे फसलों के लिए लाभकारी बताया है। हालांकि कुछ स्थानों पर गिरे ओलों से हल्का नुकसान होने की भी जानकारी सामने आई है।

मौसम विभाग ने दी चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। अचानक हुए इस मौसम परिवर्तन को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना

मौसम विभाग India Meteorological Department (IMD) ने राज्य के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले 24 घंटों में तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। साथ ही 21 मार्च को भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहने की चेतावनी दी गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान बस्तर संभाग के जगदलपुर, बकावंड और साकोला में करीब 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। तापमान की बात करें तो दुर्ग में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड हुआ।

CG Weather News: लोगों के लिए सावधानियां

खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें
बिजली गिरने के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें
किसान फसलों की सुरक्षा के लिए पहले से इंतजाम कर लें

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी प्रदेश में मौसम का यह बदला हुआ रुख बना रह सकता है, इसलिए सतर्कता बेहद जरूरी है। विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन (Climate Change) के कारण भी मौसम की अनिश्चितता बढ़ी है, जिससे ऐसे बदलाव पहले की तुलना में ज्यादा तीव्र और अचानक हो रहे हैं। इसी वजह से मौसम विभाग समय-समय पर अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह देता है, ताकि जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।

Updated on:
21 Mar 2026 02:14 pm
Published on:
21 Mar 2026 02:14 pm