दतिया

‘5 पीढ़ियों से एक ही परिवार…’, दतिया में CM मोहन यादव का कांग्रेस पर तीखा वार

Datia Bypoll- दतिया उपचुनाव में CM मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला, यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी 5 पीढ़ियों से एक ही परिवार तक सिमट गई है...।
2 min read
Jul 27, 2026
CM Mohan Yadav Speech
CM Mohan Yadav Speech- मुख्यमंत्री मोहन यादव सोमवार को दतिया उपचुनाव में कांग्रेस पर जमकर बरसे।

Datia By Election 2026- दतिया उपचुनाव में भले ही आशुतोष तिवारी प्रत्याशी हैं, लेकिन चुनाव प्रचार के दौर में हम सभी प्रत्याशी हैं। यहां लड़ाई कांग्रेस और भाजपा के बीच है। कांग्रेस 5 पीढ़ियों में केवल एक ही परिवार में सिमट गई। कभी किसी को मौका नहीं दिया। दतिया में भी कांग्रेस प्रत्याशी की यही हालत है। कांग्रेसियों ने दतिया के विकास के रथ का पहिया जाम कर दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दतिया उपचुनाव में कुशवाह समाज के सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश आगे बढ़ रहा है तो दतिया भी आगे बढ़ना चाहिए। कांग्रेस के शासनकाल में दतिया में डकैतों का राज चलता था। हमारी सरकार गुंडागर्दी और किसी भी तरह की हिंसा को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। मध्यप्रदेश लाल सलाम को आखिरी सलाम कर चुका है। डेढ़ माह में दतिया को साढ़े 11 हजार करोड़ से अधिक लागत के कारखाने की सौगात मिलेगी। कार्यक्रम के बाद दतिया में उन्होंने विशाल रोड़ शो भी किया, जो रात 9 बजे तक जारी था।

कांग्रेसी भगवान श्रीराम के न हो सके

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम के काल से भगवान लव-कुश और कुशवाहा समाज का योगदान अतुलनीय रहा है। कांग्रेसी भगवान श्रीराम के नहीं हो सके, ये किसी काम के नहीं। कांग्रेसियों ने सुप्रीम कोर्ट तक में श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी कभी अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन करने नहीं गए।

यह केवल भाजपा में ही संभव है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एक गरीब परिवार का बेटा नरेंद्र मोदी देश का प्रधानमंत्री बनता है। नितिन नवीन जैसे युवा के हाथों में पार्टी की कमान सौंप दी जाती है। यह केवल भाजपा में ही संभव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के सभी पात्र किसानों को किसान सम्मान निधि दी जा रही है। लाड़ली बहनों को भी राशि लगातार हर महीने भेजी जा रही है। राज्य सरकार ने प्रदेश का बजट बढ़ाया है। किसानों को बिजली, पानी सभी क्षेत्रों में विकास के मामले में हमारी सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। ग्वालियर क्षेत्र बहुत जल्द टेलीकॉम सेक्टर का बड़ा हब बनने वाला है।

Updated on:
27 Jul 2026 09:14 pm
Published on:
27 Jul 2026 09:14 pm