
Datia By Election: दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है। रविवार को आयोजित कार्यकर्ता बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय होकर ऐतिहासिक जीत का लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।
डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा, उपचुनाव में भाजपा की जीत की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं के कंधों पर है और प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी प्रत्याशी बनकर हर बूथ को मजबूत करे।
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा, भाजपा में चुनाव कोई व्यक्ति नहीं बल्कि संगठन, विचारधारा और कार्यकर्ता लड़ते हैं। उन्होंने कहा, कमल का फूल ही पार्टी का वास्तविक उम्मीदवार होता है। कार्यकर्ताओं के त्याग, समर्पण और मेहनत के कारण ही भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है। देवड़ा ने कहा, केंद्र और प्रदेश सरकार ने गरीब कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और सडक़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। कार्यकर्ता इन उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएं और भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए जुटें।
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा, दतिया का भाजपा संगठन हमेशा एकजुट होकर काम करता रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से दतिया में भाजपा ऐतिहासिक विजय दर्ज करेगी। बैठक में मंत्री एंदल सिंह कंषाना, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, सांसद संध्या राय, जिला अध्यक्ष रघुवीर शरण कुशवाह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।