दतिया

दतिया उपचुनाव में पहली कार्रवाई, प्रचार के आरोप में सरकारी अधिकारी निलंबित

Datia By Election 2026- दतिया में प्रशासन की सख्ती का असर दिखा, चुनाव प्रचार कर रहे एक सरकारी कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया...।
2 min read
Jul 17, 2026
Datia Election News
Datia Election News

Datia Election News- मध्यप्रदेश के दतिया जिले में हो रहे उपचुनाव का घमासान शुक्रवार से तेज हो गया। भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने आज से मोर्चा संभाल लिया है. वहीं एक खबर ऐसी भी है कि सरकारी कर्मचारी भी चुनाव प्रयास करने निकल पड़े। ऐसे में वे भी लोगों की नजर में आ गए और उन्हें तत्काल घर बैठा दिया गया।

दतिया विधानसभा क्षेत्र के भांडेर में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति गोदन के सहायक समिति प्रबंधक सुरेश यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में समिति कार्यालय द्वारा 16 जुलाई को आदेश जारी किया गया।

जारी आदेश के अनुसार, उपचुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद सुरेश यादव के विधानसभा प्रत्याशी के साथ प्रचार-प्रसार में शामिल होने की शिकायत मिली थी। जांच में यह कृत्य समिति सेवा नियमों के विपरीत पाया गया, जिसके बाद उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान सुरेश यादव का मुख्यालय जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की पंडोखर शाखा रहेगा। यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुमोदन के बाद की गई है। निलंबन आदेश की प्रतियां कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक आयुक्त सहकारिता, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक तथा शाखा प्रबंधक पंडोखर सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं जानकारी के लिए भेजी गई हैं।

उपचुनाव की निगरानी करेंगे 283 माइक्रो ऑब्जर्वर

विधानसभा उपचुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को न्यू कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में 283 माइक्रो ऑब्जर्वर का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी भूपेंद्र सिंह कुशवाह ने मतदान केंद्रों पर निष्पक्ष निगरानी, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन, मतदान दिवस की प्रक्रियाएं, रिपोर्टिंग व्यवस्था और संवेदनशील मामलों में सतर्कता बरतने संबंधी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित माइक्रो ऑब्जर्वरों की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण साबित होगी।

प्रचार के खर्च पर पैनी नजर

दतिया चुनाव निष्पक्ष कराए जाने को लेकर प्रशासन ने सख्त निगरानी शुरू की है। न्यू कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई बैठक में विशाल मलानी ने जिले के सभी सेक्टर अधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। निर्वाचन व्यय पर प्रभारी निगरानी रखने और आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने के भी निर्देश मलानी ने दिए। हाल ही में हुई बैठक में निर्वाचन व्यय से जुड़े प्रावधानों, दैनिक रिपोर्टिंग, वीडियो सर्विलांस, फ्लाइंग स्क्वाड और अन्य टीमों के साथ समन्वय पर भी बात हुई।

Updated on:
17 Jul 2026 04:43 pm
Published on:
17 Jul 2026 04:41 pm