
Man Shoots Himself- मध्य प्रदेश के दतिया जिले से एक सनसनीखेज मामले की खबर सामने आई है। यहां एक शख्स ने अपने भाई के सामने खुद की कनपटी पर बंदूक रखकर चला दी और उसका भेजा सिर से बाहर निकल गया। सेवढ़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुरा में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद से परेशान एक 55 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी रायफल से खुद को गोली मारकर जीवन समाप्त कर लिया। गोली सिर में लगने से व्यक्ति का भेजा बाहर आए गया था और वह 6 फीट दूर नाली में जा गिरा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जसराम गुर्जर (55) पुत्र मथुरा प्रसाद गुर्जर, निवासी रसूलपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब 3 बजे जसराम अपनी 315 बोर की लाइसेंसी रायफल बंदूक लेकर घर से बाहर निकला। उसकी मन स्थिति को भांपते हुए भाइयों और परिजनों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले कि वे उसे काबू में कर पाते, उसने स्वयं के सिर में गोली दाग दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक जसराम की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि वह अक्सर नशे की हालत में घर में विवाद करता था।
सूचना मिलते ही सेवढ़ा थाना पुलिस और एसडीओपी अजय चनाना घटनास्थल पर पहुंचे तथा आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे घरेलू विवाद की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
एसडीओपी अजय चनाना ने बताया कि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि जसराम के नशे में मोहल्ले में हंगामा कर रहा था और बड़ा भाई संतोष उसे रोकने की कोशिश कर रहा था। इससे जसराम नाराज हो गया और भाई से कहा कि- 'तुम्हे मुझसे दिक्कत है, तो मैं खुद को खत्म कर लेता हूं।' इसके बाद जसराम में रायफल से खुद को गोली मार ली। बताया जा रहा है कि जसराम तीन बहियों में मझला था।