
दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) नीमच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने एक लग्जरी कार से 115.160 किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। सीबीएन ने अफीम और कार को जब्त कर एक आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है। जिसे रविवार को दौसा के एनआई कोर्ट में पेश किया गया। फिलहाल एनसीबी मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक सीबीएन को मिली सूचना के आधार पर अभियान शुरू किया गया। सीबीएन की टीम ने करीब 2000 किलोमीटर लंबे रूट पर निगरानी रखी। टीम ने रविवार सुबह आगरा-जयपुर हाईवे पर सिंकदरा टोल प्लाजा के पास झारखंड रजिस्ट्रेशन की कार को रूकवाकर तलाशी ली। इस दौरान कार की डिक्की में 109 पैकेट में कुल 115.160 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। जब्त की गई अफीक की कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है।
सीबीएन की टीम को तलाशी के दौरान झारखंड नंबर की लग्जरी कार से नशे की बड़ी खेप बरामद हुई। अफीम की गंध को छिपाने के लिए कार के अंदर परफ्यूम का छिड़काव किया हुआ था। ऐसे में टीम को शक हुआ है और गहनता से तलाशी ली गई। तभी कार की डिग्गी से तीन बोरियां बरामद हुई। जिन्हें खोलकर देखा तो अफीम के 109 पैक कट्टे बरामद हुए।
नशे की खेप के साथ पकड़े गए तस्कर को रविवार दोपहर एनआई कोर्ट में पेश किया गया। अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ कर पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
इधर, हनुमानगढ़ जिले में नोहर थाना पुलिस और डीएसटी सेक्टर नोहर की टीम ने गांव असरजाना के खेत में बनी ढाणी में संचालित एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से राजकीय विद्यालय में कार्यरत एक पीटीआइ सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स बनाने के रासायनिक पदार्थ तथा एमडी ड्रग्स व अफीम बरामद की। मामले में पांच अन्य आरोपियों को भी नामजद किया गया है जो अभी फरार है। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने एसपी कार्यालय सभागार में शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्रवाई का खुलासा करते हुए बताया कि शुक्रवार रात नोहर थाना प्रभारी अजय कुमार को डीएसटी से सूचना मिली थी कि गांव असरजाना निवासी रविन्द्र अपने साथियों के साथ खेत में बनी ढाणी में एमडी ड्रग्स तैयार कर रहा है।
इस दौरान पुलिस ने सुभाष पुत्र भागीरथ बिश्नोई निवासी गांव कालूपुरा जिला जालोर, सुनील कुमार पुत्र सुगनसिंह राजपूत निवासी जाखड़ावाली तथा रविन्द्र पुत्र हनुमानसिंह राजपूत तथा विजयपाल सिंह पुत्र प्रतापसिंह राजपूत दोनों निवासी गांव असरजाना को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 212 ग्राम अफीम, 5.36 ग्राम एमडी ड्रग्स, चार कांच की बोतलों में मिथाइल प्रोपियोफेनोन, एक बोतल में बेंजीन एसीएस 99.5 प्रतिशत, 25 लीटर एसीटोन, 25 लीटर हाइड्रोक्लोरिक एसिड, 25 लीटर मिथाइलामीन 40 प्रतिशत तथा 2500 एमएल एन-मेथाइल-2 पाइरोलिडोन (एनएमपी) बरामद किया गया था।