
Dausa Road Accident: दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में रक्षा बंधन के दिन भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 21 यात्री घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोलवा और सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने भी मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। रक्षा बंधन पर अपनों से मिलने और राखी बंधवाने की खुशी में घर लौट रहे परिवारों की खुशियां उस वक्त मातम और चीख-पुकार में बदल गईं, जब दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अचानक हादसा हो गया। सफर में किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पल बाद उन्हें अस्पताल पहुंचना पड़ेगा।
हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के गुढलिया गांव के पास सुबह 7 बजे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ। अहमदाबाद से दिल्ली जा रही निजी ट्रैवल्स कम्पनी की स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।
एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया कि हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत राहत के लिए मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही कोलवा और सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को दौसा जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख पुकार मच गई। तेज धमाके बाद कुछ यात्री सीट से नीचे गिर गए। ऐसे में लोग बस से बाहर निकलने की जुगत करते दिखे। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। हादसे में बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को क्रेन की मदद से एक्सप्रेसवे से हटाया गया और ट्रैफिक को सुचारू करवाया। फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।