दौसा

Dausa Zila Pramukh Chunav Result: पर्चा तक नहीं भर पाई BJP, बिना चुनाव लड़े ही कांग्रेस की बीना बैरवा बनीं तीसरी महिला जिला प्रमुख

Dausa Zila Pramukh Election Result: दौसा जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की बीना बैरवा निर्विरोध चुनी गई हैं। महिला उम्मीदवार नहीं होने से भाजपा पर्चा भी नहीं भर सकी। वे दौसा की 10वीं और तीसरी महिला जिला प्रमुख होंगी।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 12:36 PM IST
dausa jila pramukh beena bairwa
बीना बैरवा (Photo-Patrika)

दौसा. दौसा जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की बीना बैरवा ने बिना वोटिंग के ही बाजी मार ली है। चुनाव के दौरान भाजपा की तरफ से एक भी पर्चा नहीं भरा जा सका, जिसके चलते बीना बैरवा को निर्विरोध जिला प्रमुख चुन लिया गया। दरअसल, यह पद महिला वर्ग के लिए आरक्षित था और आवेदन करने के लिए भाजपा के पास कोई महिला जीती हुई सदस्य ही नहीं थी। इस एकतरफा जीत के साथ अब लवाण की पूर्व प्रधान बीना बैरवा जिला परिषद की कमान संभालेंगी।

बता दें कि बीना बैरवा दोसा विधायक डी.सी. बैरवा की पत्नी हैं और वह दौसा की तीसरी महिला जिला प्रमुख बनीं हैं। इससे पहले कामेरी देवी मीणा और गीता खटाना ने इस पद पर रहकर पंचायतीराज व्यवस्था का नेतृत्व किया था।

दौसा को अब तक मिल चुके हैं 9 जिला प्रमुख

दौसा जिले के गठन के बाद से अब तक कुल 9 लोग जिला प्रमुख की कुर्सी संभाल चुके हैं। इस सफर की शुरुआत डॉ. किरोड़ी लाल मीणा से हुई थी, जो 14 फरवरी 1995 से 22 दिसंबर 1998 तक जिला प्रमुख रहे। इसके बाद सतीश कुमार शर्मा ने 6 जनवरी 1999 से 11 फरवरी 2000 तक और जियालाल बंशीवाल ने 12 फरवरी 2000 से 5 जून 2002 तक यह जिम्मेदारी निभाई। फिर 6 जून 2002 से 2 जुलाई 2002 तक विनोद कुमार शर्मा कार्यवाहक जिला प्रमुख रहे। इसके बाद महेंद्र सांखला ने 3 जुलाई 2002 से 9 फरवरी 2005 तक, कामेरी देवी मीणा ने 10 फरवरी 2005 से 2010 तक और अजीत सिंह महवा ने 10 फरवरी 2010 से 6 फरवरी 2015 तक जिला परिषद की कमान संभाली। वहीं साल 2015 से 2020 तक गीता खटाना जिला प्रमुख रहीं, जिसके बाद 6 सितंबर 2021 को हीरालाल सैनी ने यह पद संभाला। अब बीना बैरवा जिले की 10वीं जिला प्रमुख होंगी।

क्र.सं.जिला प्रमुख का नाम
1डॉ. किरोड़ी लाल मीणा
2सतीश कुमार शर्मा
3जियालाल बंशीवाल
4विनोद कुमार शर्मा (कार्यवाहक)
5महेंद्र सांखला
6कामेरी देवी मीणा
7अजीत सिंह महवा
8गीता खटाना
9हीरालाल सैनी

37 में से 35 सीटें जीतकर कांग्रेस ने बनाया था दबदबा

दरअसल, दौसा जिला परिषद की कुल 37 सीटों में से कांग्रेस ने 35 सीटों पर प्रचंड जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा के खाते में महज 2 सीटें ही आई थीं। चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर भी जिला प्रमुख के चेहरे को लेकर मंगलवार देर रात तक मंथन चलता रहा। पार्टी में मुख्य रूप से बीना बैरवा और देवांगना भंडारी के नाम सबसे आगे चल रहे थे, जबकि तीसरे विकल्प के तौर पर वार्ड नंबर 28 से जीतीं रामपति का नाम भी चर्चा में था।