दौसा जिले में बांदीकुई उपखंड के धौली गुमटी से पंडितपुरा जाने वाले मार्ग पर गुल्लाना चौराहे पर गुरुवार को बाइक चुराने के शक में कुछ लोगों ने एक युवक को पकड़कर रस्सी से पेड़ के बांध दिया। जहां कुछ लोगों ने युवक के साथ मारपीट भी की।
Dausa News : दौसा। जिले में बांदीकुई उपखंड के धौली गुमटी से पंडितपुरा जाने वाले मार्ग पर गुल्लाना चौराहे पर गुरुवार को बाइक चुराने के शक में कुछ लोगों ने एक युवक को पकड़कर रस्सी से पेड़ के बांध दिया। जहां कुछ लोगों ने युवक के साथ मारपीट भी की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। युवक को रस्सियों से खोलकर चिकित्सालय ले गई। जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया । हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आएगा।
जानकारी के मुताबिक दिनेश कुमार मीणा (32) पुत्र कैलाशचंद निवासी शिक्षक कॉलोनी बांदीकुई बाइक से गुल्लाना चौराहे पर पहुंचा। एक दुकान पर पानी पीने के बाद कुछ ही दूरी पर जाकर गिर गया। इसके बाद कुछ लोगों ने बाइक चुराने के शक में उसे पकड़ लिया। उसे रस्सियों से पेड़ के बांध दिया। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान युवक के साथ कुछ लोगों ने मारपीट भी की।
पुलिस के मुताबिक दोपहर 1 बजे सूचना मिली कि पंडितपुरा गांव में लोगों ने एक बाइक चोर को पकड़कर पेड़ से बांध दिया है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और युवक को पेड़ से खोलकर उपजिला अस्पताल लेकर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया । इधर, एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
सूचना पर परिजन चिकित्सालय पहुंचे और युवक को निर्दोष बताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। परिजनों ने कहा कि जब तक आरोपियों को नहीं पकड़ा जाएगा, तब तक शव नहीं लेंगे। परिजनों ने बताया कि दिनेश अहमदाबाद में कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करता था। दो महीने पहले बांदीकुई आ गया था। दिनेश के दो छोटे भाई है । एक रेलवे में काम करता है और तीसरा नंबर का भाई पढ़ाई कर रहा है। पिता कैलाश चंद की पहले ही मौत हो चुकी है। दिनेश की डेढ़ साल की बच्ची है।
पुलिस उप अधीक्षक रोहिताश देवंदा ने बताया कि पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए अनुसंधान कर रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है । पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।