
फोटो पत्रिका नेटवर्क
बीकानेर। राजस्थान में बीकानेर जिले के नोखा थाना क्षेत्र में गुरुवार को ट्रक और टेम्पो ट्रैवलर में आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोग घायल हो गए। टेम्पो ट्रैवलर में सवार सभी यात्री नाथद्वारा स्थित श्रीनाथ मंदिर में दर्शन कर बीकानेर लौट रहे थे।
नोखा थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। टेम्पो ट्रैवलर में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नोखा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चालक मोहम्मद आरिफ (45) निवासी बीकानेर, जयश्री (30) निवासी बीकानेर और विष्णु (26) निवासी बीकानेर को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सुचारू किया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार टेम्पो ट्रैवलर नागौर की तरफ से बीकानेर लौट रहा था, जबकि ट्रक बीकानेर से नागौर की ओर जा रहा था। पेट्रोल पंप के पास दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार टेम्पो ट्रैवलर में सवार सभी लोग राजसमंद नाथद्वारा में श्रीनाथजी के दर्शन कर बीकानेर लौट रहे थे। हादसा इतना भीषण था कि टेम्पो ट्रैवलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक सड़क से उतरकर करीब 30 फीट अंदर जाकर रुका। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हादसे में आशीष, सोनी, तनुश्री, हिमांशी, भारती, बजरंगलाल, मितांशु, रितिका, जीविका, मयंक, संतोष, मीनाक्षी और निधि घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पीबीएम अस्पताल बीकानेर रेफर किया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने शीशे तोड़कर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस बुलवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद हादसे के सही कारण सामने आएंगे।
Published on:
28 May 2026 04:04 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
