दौसा

दौसा: नगर परिषद सभापति, जिला प्रमुख और 9 नगरपालिका अध्यक्ष पदों के लिए निकली आरक्षण लॉटरी, देखें पूरी सूची

दौसा नगर परिषद सभापति और जिला प्रमुख दोनों पदों की कमान महिला के हाथ में होगी। दौसा नगर परिषद सभापति की कुर्सी OBC महिला वर्ग के लिए तो दौसा जिला प्रमुख का पद SC महिला के लिए आरक्षित हुआ है।
2 min read
Aug 13, 2026
Panchayat Chunav Update
फोटो: AI जनरेटेड

आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों के लिए आरक्षण की घोषणा के बाद दौसा जिले की राजनीति में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। दौसा नगर परिषद सभापति और जिला प्रमुख दोनों पदों की कमान महिला के हाथ में होगी।

दौसा नगर परिषद सभापति की कुर्सी OBC महिला वर्ग के लिए तो दौसा जिला प्रमुख का पद SC महिला के लिए आरक्षित हुआ है। दौसा नगर परिषद सभापति का पद पिछले चुनाव में सामान्य महिला के लिए आरक्षित था। वहीं जिला प्रमुख पिछली बार OBC ओपन के लिए रिजर्व हुआ था।

आरक्षण घोषित होने के बाद अब सभी दावेदारों और राजनीतिक दलों की नजर वार्डों के आरक्षण पर टिकी हुई है। नगर परिषद के सभी वार्डों के आरक्षण की लॉटरी 17 अगस्त को निकाली जाएगी। इसके बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि कौन-सा वार्ड किस वर्ग के लिए आरक्षित रहेगा और चुनावी रणनीति किस दिशा में आगे बढ़ेगी।

महवा नगरपालिका अध्यक्ष पद जनरल के लिए आरक्षित

दौसा जिले की 9 नगरपालिकाओं में अध्यक्ष पदों के लिए आरक्षण घोषित होने के साथ ही चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। 9 में से 3 एसटी ओपन (मंडावर, मंडावरी, रामगढ़ पचवारा), 2 सामान्य ओपन (महवा और बसवा), एससी महिला 2 (भांडारेज और सिकराय), एक ओबीसी महिला (बांदीकुई) और एक सीट एसटी महिला (लवाण) के लिए आरक्षित हुई है।

दौसा को अब तक मिल चुके हैं 9 जिला प्रमुख

जयपुर में गुरुवार दोपहर 41 जिला प्रमुखों की आरक्षण लॉटरी निकाली गई। दौसा जिला प्रमुख एससी महिला के लिए आरक्षित हुआ है। दौसा समेत राजस्थान के 20 जिलों में महिला जिला प्रमुख होंगी। दौसा जिला परिषद के गठन के बाद से अब तक जिले को 9 जिला प्रमुख मिल चुके हैं, लेकिन खास बात यह है कि कोई भी जिला प्रमुख दोबारा इस पद पर नहीं पहुंच सका। वर्ष 1995 से शुरू हुआ जिला प्रमुखों​ का सफर अब दसवें प्रमुख की ओर बढ़ रहा है।

रिकॉर्ड के अनुसार सबसे पहले डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने 14 फरवरी 1995 से 22 दिसंबर 1998 तक जिला प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद सतीश कुमार शर्मा (6 जनवरी 1999 से 11 फरवरी 2000), जियालाल बंशीवाल (12 फरवरी 2000 से 5 जून 2002) और विनोद कुमार शर्मा (कार्यवाहक, 6 जून 2002 से 2 जुलाई 2002) जिला प्रमुख रहे।

दो महिलाएं संभाल चुकी हैं जिम्मेदारी

महेंद्र सांखला ने 3 जुलाई 2002 से 9 फरवरी 2005 तक, कामेरी देवी मीणा ने 10 फरवरी 2005 से 2010 तक और अजीत सिंह महवा ने 10 फरवरी 2010 से 6 फरवरी 2015 तक जिला परिषद की कमान संभाली। वर्ष 2015 से 2020 तक गीता खटाना जिला प्रमुख रहीं। इसके बाद वर्तमान जिला प्रमुख हीरालाल सैनी ने 6 सितंबर 2021 से पद संभाल रखा है।

दौसा जिला परिषद में अब तक दो महिलाएं भी जिला प्रमुख रह चुकी हैं। कामेरी देवी मीणा और गीता खटाना ने इस पद पर रहते हुए पंचायतीराज व्यवस्था का नेतृत्व किया। अब तीसरी बार जिला प्रमुख की कमान ​महिला के हाथ में होगी।