दौसा

राजस्थान में दिनदहाड़े वारदात: वृद्धा के पैरों से जबरन ग्राइंडर मशीन से काटे चांदी के कड़े, पैरों में छाले पड़े

Dausa Crime : दौसा जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। घर के बाहर सो रही 88 वर्षीय वृद्ध महिला के पैरों से अज्ञात बदमाश जबरन चांदी के कड़े काटकर ले गए। कड़े काटने के दौरान ग्राइंडर मशीन की चपेट में आने से महिला के पैरों में गहरे घाव हो गए और फफोले पड़ गए।
2 min read
May 13, 2026
woman silver anklets robbery
वृद्धा के पैरों से जबरन काट ले गए चांदी के कड़े। फोटो पत्रिका

Rajasthan News : दौसा। जिले के गुढ़ाकटला कस्बे के नारायणी माता सड़क मार्ग पर बुधवार दोपहर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। घर के बाहर सो रही 88 वर्षीय वृद्ध महिला के पैरों से अज्ञात बदमाश जबरन चांदी के कड़े काटकर ले गए। कड़े काटने के दौरान ग्राइंडर मशीन की चपेट में आने से महिला के पैरों में गहरे घाव हो गए और फफोले पड़ गए।

जानकारी के अनुसार मनभरी देवी योगी, पत्नी कल्याण सहाय योगी, घर के बाहर सो रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए दो बदमाश महिला को उठाकर पास के कमरे में ले गए और उनका मुंह दबाकर पैरों से कड़े काटने लगे। बदमाश एक पैर का कड़ा काटने में सफल हो गए, लेकिन दूसरे पैर का कड़ा काटते समय महिला की बहू मौके पर पहुंच गई। बहू को देखकर बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद वृद्धा अचेत हो गई। परिजनों और आसपास के लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में भी पूछताछ शुरू कर दी है।

वृद्ध महिला के पैरों पर कड़े काटने से पड़े घाव और फफोले।

गर्म कड़े पैरों से चिपके, पड़े फफोले

परिजनों के अनुसार बदमाशों ने ग्राइंडर मशीन से कड़े काटे, जिससे धातु अत्यधिक गर्म हो गई और महिला के पैरों से चिपक गई। इससे पैरों में कई स्थानों पर फफोले पड़ गए और कटने से गंभीर घाव हो गए। महिला की हालत को देखते हुए परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए ले गए।

घर में अकेली थी वृद्धा

बताया गया कि वृद्धा का पुत्र रामलाल योगी घर से कुछ दूरी पर दौसा-बांदीकुई मार्ग पर रेस्टोरेंट संचालित करता है। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य भी घर पर मौजूद नहीं थे। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

दो किलो चांदी के लिए की थी महिला की निर्मम हत्या

गौरतलब है कि इसी साल फरवरी महीने में सवाईमाधोपुर जिले के बौंली थाना क्षेत्र में लूट के इरादे से एक बुजुर्ग महिला की नृशंस हत्या कर थी। बदमाशों ने दोनों पैर काटकर अलग कर दिया था। इसके बाद लुटेरे महिला के पैरों से ढाई किलो चांदी के कड़े निकाले और सोने के कुंडल और नथ लेकर फरार हो गए थे।

Updated on:
13 May 2026 07:45 pm
Published on:
13 May 2026 07:42 pm