दौसा

Dausa UIT की आवासीय योजना के प्रति लोगों ने दिखाया उत्साह, अब लॉटरी का इंतजार

Dausa UIT plot lottery: पंडित दीनदयाल उपाध्याय आवासीय योजना आमजन को किफायती दरों पर भूखंड उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इस योजना में कुल 999 भूखंड निर्धारित किए गए हैं।
2 min read
May 05, 2026
dausa uit scheme

Dausa UIT Plot Lottery: दौसा। नगर विकास न्यास (यूआईटी) दौसा-बांदीकुई की ओर से निकाली गई पंडित दीनदयाल उपाध्याय आवासीय योजना के तहत आवासीय भूखंडों के आवंटन के लिए आमजन में खासा उत्साह देखने को मिला है। योजना की अंतिम तिथि 24 अप्रेल तक कुल 6270 आवेदन प्राप्त हुए।

नगर विकास न्यास के सचिव मूलचंद लूणिया ने बताया कि आमजन की बढ़ती रुचि को देखते हुए भूखंडों की श्रेणीवार संख्या में आवश्यक संशोधन किया गया। संशोधित विवरण के अनुसार ईडब्ल्यूएस (3 लाख रुपए तक आय) श्रेणी में 355 भूखंडों के लिए 3102 आवेदन प्राप्त हुए।

एलआईजी (3 से 6 लाख रुपए आय) में 197 भूखंडों के लिए 1305 आवेदन, एमआईजी-ए (6 से 12 लाख रुपए आय) में 7 भूखंडों के लिए 423 आवेदन, एमआईजी-बी (12 से 18 लाख रुपए आय) में 260 भूखंडों के लिए 913 आवेदन तथा एचआईजी (18 लाख रुपए से अधिक आय) श्रेणी में 180 भूखंडों के लिए 527 आवेदन ​आए। इस प्रकार कुल 999 भूखंडों के लिए कुल 6270 आवेदन आए।

नगर विकास न्यास के सचिव मूलचंद लूणिया ने बताया कि जिला कलक्टर एवं नगर विकास न्यास अध्यक्ष डॉ. सौम्या झा के निर्देशन में ई-लॉटरी की प्रक्रिया के लिए कार्यालय स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण होने के बाद शीघ्र ही लॉटरी की तिथि घोषित की जाएगी।

क्र. सं.आय वर्ग (Income Group)आय सीमा (वार्षिक)भूखंडों की संख्या
1EWS3 लाख रुपए तक355
2LIG3 लाख से 6 लाख रुपए तक197
3MIG-A6 लाख से 12 लाख रुपए तक7
4MIG-B12 लाख से 18 लाख रुपए तक260
5HIG18 लाख रुपए से अधिक180
कुल (Total)999

दौसा यूआईटी की यह पहली आवासीय योजना है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय आवासीय योजना आमजन को किफायती दरों पर भूखंड उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इस योजना में विभिन्न आय वर्गों के लिए कुल 999 भूखंड निर्धारित किए गए हैं।

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब पात्र आवेदकों को लॉटरी के माध्यम से प्लॉट आवंटित किए जाएंगे। योजना के तहत पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। इस योजना से न केवल लोगों का घर का सपना पूरा होगा, बल्कि क्षेत्र में शहरी विकास और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार भी होगा।

Updated on:
06 May 2026 02:39 pm
Published on:
05 May 2026 06:07 pm