दौसा

दौसा के लालसोट में दर्दनाक हादसा: ‘गांव जा रहा हूं…’ रूममेट से कहकर निकला, फिर छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

दौसा के लालसोट में 16 वर्षीय छात्र ने दौसा-गंगापुर सिटी रेल लाइन पर इनदावा टनल के पास ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। 11वीं का छात्र किराए पर रहकर पढ़ता था। पुलिस जांच में जुटी है।
2 min read
Feb 25, 2026
Dausa Lalsot Class 11 Student Dies After Jumping Before Train Near Indawa Tunnel
सागर माली (फोटो सोशल मीडिया)

लालसोट (दौसा): राजस्थान के दौसा जिले के लालसोट क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। यहां दौसा-गंगापुर सिटी रेल लाइन पर 16 वर्षीय एक स्कूली छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।

बता दें कि छात्र की पहचान सागर माली (16) के रूप में हुई है, जो बामन बड़ौदा झोल का निवासी था और लालसोट के एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था।

गांव जाने का झांसा देकर निकला था मासूम

जांच में सामने आया कि सागर लालसोट के सुरक्षित नगर में किराए के कमरे पर रहकर अपनी पढ़ाई कर रहा था। मंगलवार दोपहर करीब 12:50 बजे वह अपने रूममेट से यह कहकर निकला कि वह अपने गांव जा रहा है। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। वह गांव जाने के बजाय इनदावा टनल के पास स्थित रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया।

चश्मदीदों के अनुसार, सागर को टनल के पास ट्रैक पर काफी देर तक चहल-कदमी करते देखा गया था। उसी समय अजमेर से गंगापुर सिटी की ओर जा रही डेमू ट्रेन वहां से गुजरी।

जैसे ही ट्रेन करीब आई, सागर ने अचानक उसके सामने छलांग लगा दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद ट्रेन को करीब 10 मिनट तक मौके पर ही रोकना पड़ा।

पुलिस कार्रवाई और परिजनों का विलाप

सूचना मिलते ही थाना एएसआई रामकरण सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की और तुरंत परिजनों को सूचित किया। किशोर के पिता, जो खेती के साथ पिकअप चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, इस खबर को सुनकर बदहवास हो गए।

परिजनों ने बताया कि सागर सुबह घर से अपने दोस्त का स्कूल बैग लेकर निकला था, किसी को अंदाजा नहीं था कि वह ऐसा आत्मघाती कदम उठा लेगा। पुलिस ने राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

आखिर क्यों चुना मौत का रास्ता?

महज 16 साल की उम्र में इस तरह का कदम उठाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है। फिलहाल, आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Updated on:
25 Feb 2026 01:47 pm
Published on:
25 Feb 2026 01:47 pm