दौसा

दौसा: कमरे में लगी आग, जिंदा जली विवाहिता, दहेज हत्या का मामला दर्ज

लालसोट उपखंड क्षेत्र के डिडवाना कस्बे की आडी नली वाली ढाणी में बुधवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसकर मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है।

2 min read
Mar 04, 2026
फोटो पत्रिका नेटवर्क

दौसा। लालसोट उपखंड क्षेत्र के डिडवाना कस्बे की आडी नली वाली ढाणी में बुधवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसकर मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव पीहर पक्ष को सौंप दिया है तथा मामले की जांच जारी है।

थानाधिकारी पवन कुमार ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली कि आडी नली वाली ढाणी निवासी रीना (27) पत्नी प्रकाश सैनी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस को ससुराल पक्ष ने बताया कि मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे रीना झुलस गई। कमरे में रखी चारपाई और कपड़े भी जले मिले।

ये भी पढ़ें

धौलपुर में दर्दनाक हादसा: कार की टक्कर से दो युवकों की मौत, होली खेलकर लौट रहे थे घर

मामला दर्ज

पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसी महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पीहर पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गया। मृतका के पिता ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही दहेज को लेकर बेटी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था तथा मारपीट की जाती थी। उन्होंने जलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

वर्ष 2021 में हुई थी शादी

प्राथमिकी के अनुसार वर्ष 2021 में रीना और उसकी बहन पूजा का विवाह डिडवाना निवासी पप्पूलाल सैनी के दो पुत्रों से हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से दोनों बेटियों को कम दहेज लाने की बात कहकर परेशान किया जाता रहा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सीपा और नांगल राजावतान के डिप्टी एसपी दिलीप मीणा ने भी मौके का जायजा लिया। एफएसएल और एमओवी टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि अनुसंधान के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। मामले की जांच डिप्टी एसपी स्तर पर की जा रही है।

ये भी पढ़ें

करौली: होली मनाने घर आ रहे युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

Published on:
04 Mar 2026 06:35 pm
Also Read
View All

अगली खबर