
Mahwa Nagar Palika Chunav Result : दौसा के महुवा नगर पालिका चुनाव के लिए सोमवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई। महुवा के 35 वार्डों में भाजपा-कांग्रेस के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच मुकाबला था। महुवा नगरपालिका के सभी 35 वार्डों में परिणाम घोषित हो चुके हैं। जिसमें भाजपा ने 17, कांग्रेस ने 4 और अन्य 14 निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। इस चुनाव में कमाल का एक रिजल्ट देखने को मिला। रिजल्ट में पति-पत्नी ने अलग-अलग वार्डों से अपनी-अपनी जीत दर्ज की है। वार्ड 22 से पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय शंकर बोहरा और वार्ड 25 से उनकी पत्नी पूर्व सरपंच प्रेम देवी ने जीत हासिल की है।
दौसा के महुवा नगर पालिका की मतगणना में कई उम्मीदवारों ने कड़े मुकाबले में जीत दर्ज की। वार्ड 16 में कांग्रेस के ज्ञानी ने भाजपा के प्रेम प्रकाश को 15 वोटों से हरा दिया। वहीं वार्ड 25 में निर्दलीय प्रेम देवी ने भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों पर 15 वोटों से जीत दर्ज की। वार्ड 21 में कांग्रेस के परीक्षित प्रधुमन ने 19 वोट, वार्ड 29 में कांग्रेस की पिंकी सैनी ने 19 वोट और वार्ड 6 में भाजपा के भूपेन्द्र ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 21 वोटों से पराजित किया है। यही नहीं वार्ड 35 में भाजपा के विनीत कुमार ने 317 वोटों की सबसे अधिक जीत दर्ज की।
महुवा नगर पालिका में बोर्ड बनाने के लिए 18 पार्षदों का होना जरूरी है। ऐसे में भाजपा बहुमत से सिर्फ एक सीट दूर है। वहीं अन्य उम्मीदवारों ने 14 सीट पर जीत हासिल की है। निर्वाचित पार्षदों को 21 सितंबर तक शपथ लेनी होगी। अब इंतजार है कि महुवा नगर पालिका में कौन सा दल बोर्ड बनाता है।
महुवा नगरपालिका के 35 पार्षद पदों के लिए 9 सितंबर को वोट डाले गए थे। इसमें 82.71 फीसदी वोटर्स ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। महवा चेयरमैन का पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है। महुवा नगर पालिका में कुल 35 वार्ड हैं। इन वार्डों में आरक्षण का निर्धारण किया गया है, जिसमें अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लिए 7 वार्ड, अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए 3 वार्ड और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 5 वार्ड आरक्षित किए गए हैं। शेष 20 वार्ड अनारक्षित श्रेणी में रखे गए हैं।