
Manoj Meena-Sheetal Meena Death Case Update : दौसा जिले के सिकराय उपखंड मुख्यालय स्थित उपकोष कार्यालय की कनिष्ठ लेखाकार शीतल मीणा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद उपकोष अधिकारी मनोज मीणा की भी मौत होने से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।
राजस्थान एकाउंटेंस एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष निरंजन मीणा ने दोनों मामलों की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शीतल मीणा और मनोज मीणा की मौत से लेखा संवर्ग में शोक और चिंता का माहौल है। मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कर वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा किया जाना चाहिए, ताकि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अन्य कारण सामने आते हैं तो उनकी जवाबदेही तय हो सके।
इधर, मानपुर थाना अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। एफएसएल टीम की सहायता से विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया गया है तथा रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अनुसंधान जारी है। जांच पूरी होने और आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों मौतों के कारणों के संबंध में स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी।
उल्लेखनीय है कि दौसा जिले के सिकराय उपखंड स्थित उपकोष कार्यालय में कार्यरत कनिष्ठ लेखाकार शीतल मीणा की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें पहले उप जिला अस्पताल और बाद में जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। शीतल के भाई मोहनलाल मीणा ने मानपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए उपकोष अधिकारी मनोज मीणा एवं कार्यालय के कुछ कर्मचारियों पर प्रताड़ना तथा किसी पेय पदार्थ में विषैले पदार्थ की आशंका जताई थी।
वहीं शुक्रवार को उपकोष अधिकारी मनोज मीणा ने महुवा के मंडावर रोड स्थित अपने आवास पर आत्महत्या कर ली थी। मौके से मिले कथित सुसाइड नोट में उन्होंने दो व्यक्तियों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। मृतक के पिता ने बताया था कि शीतल मीणा के परिजनों ने उनके बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। भुसावर नायब तहसीलदार अरुण मीणा गुरुवार को मनोज मीणा से मिलने आया था। इस दौरान धमकाया भी था। जिसके चलते बेटा मनोज मीणा डिप्रेशन में था और उसने देर रात महवा स्थित घर पर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।