
दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में 16 वर्षीय नाबालिग के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार पर महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। गहलोत ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और भाजपा सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय कुंभकर्णी नींद में सो रही है। वहीं, पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। दौसा एसपी कुंदन कांवरिया के अनुसार, कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार रात दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास की है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में दो युवकों पर अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि दोनों युवक उसे जबरन अपने साथ ले गए और सुनसान स्थान पर वारदात को अंजाम दिया। इसी दौरान नाबालिग को अचानक प्रसव पीड़ा हुई और उसने बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद आरोपी उसे और नवजात को वहीं छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता किसी तरह नवजात को कपड़े में लपेटकर अस्पताल पहुंची। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद नवजात को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और उसके बयान दर्ज किए। शिकायत के आधार पर अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर घटना को इंसानियत को शर्मसार करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर परिजनों के मन में डर है। गहलोत ने आरोप लगाया कि महिला सुरक्षा पर बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने इसे राजस्थान को शर्मसार करने वाली घटना बताते हुए कहा कि घर से लेकर बाहर तक बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि कानून-व्यवस्था में सुधार कब होगा और बच्चियों को सुरक्षित माहौल कब मिलेगा।
'पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। कुछ आरोपियों को डिटेन भी किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।' -कुंदन कांवरिया, एसपी दौसा