
दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में नगर निकाय अध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम सामने आने के साथ ही राजनीतिक तस्वीर साफ हो गई है। दौसा नगर परिषद सहित मंडावर और मंडावरी नगर पालिकाओं में कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। वहीं सिकराय नगर पालिका में भाजपा के कैलाश बैरवा ने जीत हासिल की। जिले के कुल 11 निकायों में से 8 में कांग्रेस और 3 में बीजेपी प्रत्याशियों की जीत हुई है।
दौसा नगर परिषद के सभापति पद के चुनाव में कांग्रेस की रेखा गुर्जर ने भाजपा प्रत्याशी कविता गुर्जर को हराकर जीत दर्ज की। इस जीत के साथ कांग्रेस ने दौसा नगर परिषद में अपना कब्जा बरकरार रखा है। 55 पार्षदों वाली परिषद में कांग्रेस के 24, भाजपा के 17 और 14 निर्दलीय पार्षद हैं। अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा था। परिणाम आने के बाद कांग्रेस खेमे में खुशी का माहौल है।
मंडावर नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की अनीता मीणा ने जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को पांच मतों से पराजित किया। नाम वापसी के बाद यहां कांग्रेस की अनीता मीणा और भाजपा के अशोक नारेडा के बीच सीधा मुकाबला हुआ था।
मंडावरी नगर पालिका में कांग्रेस के रामकेश मीणा अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी जंतु देवी मीणा को छह मतों से हराया। रामकेश मीणा को 13 और जंतु देवी को 7 मत मिले। 20 वार्डों वाली मंडावरी पालिका में कांग्रेस के 12, भाजपा के 7 और एक निर्दलीय पार्षद हैं।
सिकराय नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के कैलाश बैरवा ने कांग्रेस के कैलाश बसवाल को एक वोट से हराया। कैलाश बैरवा को कुल 13 मत मिले। 25 पार्षदों के मतदान के बाद मतगणना रिटर्निंग अधिकारी मनोज वर्मा के नेतृत्व में पूरी हुई। जीत के बाद भाजपा समर्थकों ने मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को बधाई दी। कैलाश बैरवा की जीत के साथ सिकराय नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बन गया है।
लालसोट नगर परिषद के सभापति पद पर कांग्रेस के कपिल पुरोहित ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा की पिंकी चतुर्वेदी को 7 मतों के अंतर से हराकर सभापति पद पर कब्जा जमाया। मतगणना में कपिल पुरोहित को 21 वोट, जबकि भाजपा प्रत्याशी पिंकी चतुर्वेदी को 14 वोट मिले। परिणाम सामने आते ही कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई और समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया।
रामगढ़ पचवारा नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस के रामफूल मीणा विजयी रहे। उन्होंने भाजपा के राधेश्याम मीणा को 12 मतों के बड़े अंतर से हराया। मतगणना में रामफूल मीणा को 16 वोट, जबकि भाजपा प्रत्याशी राधेश्याम मीणा को केवल 4 वोट मिले। स्पष्ट अंतर से जीत के बाद कांग्रेस समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा। रामफूल मीणा के अध्यक्ष निर्वाचित होने के साथ ही नगर पालिका में कांग्रेस का बोर्ड बन गया।
बांदीकुई नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को हुए मतदान में कांग्रेस की विनोद देवी निर्वाचित हुईं। उन्होंने भाजपा की राजन्ती देवी सैनी को 6 मतों से हराया। 40 सदस्यीय नगरपालिका में कांग्रेस को 23 और भाजपा को 17 मत मिले। इसके साथ कांग्रेस लगातार तीसरी बार पालिकाध्यक्ष पद बरकरार रखने में सफल रही। समर्थकों ने ढोल बजाकर और मिठाई बांटकर खुशी जताई।
बसवा नगर पालिका के अध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस को जीच हासिल हुई है। कांग्रेस प्रत्याशी छोटेलाल गुर्जर (ईंटोडा) को कुल 15 वोट मिले। 5 वोटों के अंतर से उन्होंने जीत दर्ज की। वहीं भाजपा के मुकेश सैनी पाटोदिया को 10 वोट मिले, जबकि यहां पर बीजेपी के 11 पार्षद थे। जीत के बाद छोटेलाल ने कहा कि बसवा नगरपालिका को सर्वसुविधा युक्त बनाना एवं विकास की श्रेणी में आगे लाना है। सर्व समाज को साथ लेकर लोगों के विश्वास पर खरा उतरने का भरोसा दिलाया। बोले स्मार्ट कस्बा बनाने का लक्ष्य है।
| निकाय | चेयरमैन का नाम | पार्टी |
| दौसा नगर परिषद | रेखा गुर्जर | कांग्रेस |
| लालसोट नगर पालिका | कपिल पुरोहित | कांग्रेस |
| बांदीकुई नगर पालिका | विनोद देवी गुर्जर | कांग्रेस |
| बसवा नगर पालिका | छोटेलाल गुर्जर | कांग्रेस |
| सिकराय नगर पालिका | कैलाश बैरवा | बीजेपी |
| भांडारेज नगर पालिका | सीमा बैरवा | बीजेपी |
| लवाण नगर पालिका | कैलाशी देवी मीणा | कांग्रेस |
| मंडावरी नगर पालिका | रामकेश मीणा | कांग्रेस |
| रामगढ़ पचवारा नगर पालिका | रामफूल मीणा | कांग्रेस |
| महवा नगर पालिका | विनीत बंसल | बीजेपी |
| मंडावर नगर पालिका | अनिता देवी मीणा | कांग्रेस |