दौसा

Rajasthan Panchayat Election: एक ही ढाणी की 3 बेटियां बनी 3 पंचायतों की सरपंच, ससुर-बहू ने भी लहराया जीत का परचम

राजस्थान के पंचायत चुनाव में दौसा जिले से रिश्तों और महिला नेतृत्व की ऐसी अनूठी कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी का ध्यान खींचा है।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 7:55 AM IST
Sunita Sisodia, Saraswati Sisodia,and Manisha Sisodia
सुनीता सिसोदिया, सरस्वती सिसोदिया और मनीषा सिसोदिया। फोटो पत्रिका

दौसा। राजस्थान के पंचायत चुनाव में दौसा जिले से रिश्तों और महिला नेतृत्व की ऐसी अनूठी कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी का ध्यान खींचा है। एक ही ढाणी में पली-बढ़ीं तीन बेटियां शादी के बाद अलग-अलग गांवों की बहू बनीं और अब तीन ग्राम पंचायतों की सरपंच बनकर नई पहचान कायम की है। खास बात यह है कि तीनों एक ही कुटुंब से ताल्लुक रखती हैं। वहीं, जिले में ससुर और बहू ने भी अलग-अलग ग्राम पंचायतों से सरपंच का चुनाव जीतकर चर्चा बटोरी है।

मामला बैजूपाड़ा की ग्राम पंचायत पून्दरपाड़ा की सोरन ढाणी का है। यहां की सुनीता सिसोदिया, सरस्वती सिसोदिया और मनीषा सिसोदिया ने पंचायत चुनाव में जीत दर्ज कर यह खास उपलब्धि हासिल की है। तीनों का मायका एक ही ढाणी में है, लेकिन शादी के बाद अलग-अलग गांवों में रहने लगीं। अब तीनों ने अपने-अपने ससुराल क्षेत्र में चुनाव जीतकर परिवार का नाम रोशन किया है।

तीन चरणों में तीनों ने दर्ज की जीत

सरस्वती सिसोदिया ने पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में कठूमर क्षेत्र की भनोकर ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ा और 278 मतों के अंतर से जीत हासिल की। इसके बाद तीसरे चरण में मनीषा सिसोदिया ने सिकराय क्षेत्र की जोध्या ग्राम पंचायत से चुनाव मैदान में उतरकर 148 मतों से विजय प्राप्त की। वहीं, चौथे चरण में सुनीता सिसोदिया ने टोडाभीम क्षेत्र की मान्नोज ग्राम पंचायत से 84 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर सरपंच की कुर्सी हासिल की। तीनों एक ही कुटुंब से हैं। सुनीता और सरस्वती रिश्ते में बुआ-भतीजी है, जबकि मनीषा इसी कुटुंब की दूसरी शाखा से होने के बावजूद दोनों की बहन लगती है और सरस्वती की बुआ है।

परिवार का राजनीतिक सपना बेटियों ने किया पूरा

इस कहानी का एक और दिलचस्प पहलू यह है कि सुनीता और सरस्वती के परिजन पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल पाई थी। इस बार परिवार की बेटियों ने चुनाव मैदान में उतरकर जीत हासिल की और राजनीतिक सपना साकार कर दिया। एक ही ढाणी की तीन बेटियों का तीन अलग-अलग ग्राम पंचायतों की कमान संभालना इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

ससुर-बहू भी बने सरपंच

दौसा जिले में रिश्तों की एक और अनूठी तस्वीर सामने आई है। यहां ससुर और बहू ने भी अलग-अलग ग्राम पंचायतों से सरपंच का चुनाव जीतकर सबका ध्यान खींचा है। ग्राम पंचायत बिवाई से नारंगी देवी सरपंच निर्वाचित हुई हैं, जबकि बास बिवाई ग्राम पंचायत से गिर्राज प्रसाद मीणा ने जीत दर्ज की है। दोनों रिश्ते में ससुर-बहू हैं।