
Dausa Murder Case : दौसा। सदर थाना क्षेत्र में पति की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पति की हत्या के बाद महिला ने पहले नहाकर कपड़े धोए। किसी को शक नहीं हो, इसलिए शृंगार किया और फिर रोते हुए लोगों को घटना की जानकारी दी। हालांकि पूछताछ के दौरान उसका नाटक ज्यादा देर तक नहीं चल सका और उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार रमेश बैरवा (40) मूल रूप से खवारावजी के निकट रामधन की ढाणी का निवासी था। वर्तमान में वह चावंड गांगलियावास में मकान बनाकर पत्नी और तीन बच्चों के साथ रह रहा था। शनिवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि रमेश का शव घर से कुछ दूरी पर कीकरों के बीच पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रामकरण जोशी राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया। वहां परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी सहित अन्य मांगों को लेकर पहले शव लेने से इनकार कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस को वहां गीले कपड़े नजर आए। संदेह के आधार पर मृतक की पत्नी ममता बैरवा (35) से पूछताछ की। पूछताछ में वह कई सवालों पर अटक गई। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने ममता बैरवा को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही विधि से संघर्षरत एक अन्य किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने गीले कपड़े जब्त कर लिए हैं। घटना के दौरान ममता के कपड़ों पर खून लग गया था। आरोप है कि सबूत मिटाने के लिए उसने पहले नहाकर कपड़े धोए और फिर रोने का नाटक करती रही। घटनास्थल से शराब की खाली बोतल भी मिली है।
सूत्रों के अनुसार रमेश नशे का आदी था और नशे सहित अन्य कारणों से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। बताया जा रहा है कि रमेश नशे में था। विवाद बढ़ने पर पत्नी ने उसके सिर पर पत्थर से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद महिला ने रिश्तेदारों को बताया कि किसी ने रमेश की हत्या कर दी है और उसका शव पेड़ों के बीच पड़ा है। इस हत्या में कोई और शामिल है या नहीं, इसको लेकर पुलिस एफएसएल जांच करवा रही है। इसके अलावा महिला के कॉल डिटेल का पता लगवाया जा रहा है। साथ ही कहा कि महिला कुछ समय पति से दूर जाकर दिल्ली रही थी, इसकी जांच भी की जाए।
सदर थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि हत्या के आरोप में पुलिस ने मृतक की पत्नी ममता को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। परिजनों ने भी शिकायत दी है, उसकी भी जांच करवाई जाएगी।