दौसा

विधायक की पत्नी से पूर्व IAS की बेटी तक… दौसा जिला परिषद चुनाव में प्रत्याशियों में किसके पास कितनी दौलत?

Rajasthan Panchayat Election 2026: दौसा जिला परिषद चुनाव में 37 वार्डों से 107 प्रत्याशी मैदान में हैं। नामांकन के शपथ पत्रों में प्रत्याशियों की संपत्ति, शिक्षा और जमीन-मकान से जुड़ी जानकारी सामने आई है।
2 min read
• •
Oct 21, 2026
dausa panchayat election
Ai Generated Image

दौसा. जिला परिषद के 37 वार्डों में 107 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। इनमें कोई लखपति है तो कोई करोड़पति। किसी ने बीएड और एमए तक पढ़ाई की है तो कोई एमबीए की डिग्रीधारक है। चुनाव मैदान में कई विधायकों और पूर्व विधायकों के रिश्तेदार भी अपनी किस्मत आजमा रहे है। प्रत्याशियों की ओर से नामांकन के दौरान दिए गए शपथ पत्रों में उनकी संपत्ति, शिक्षा और पारिवारिक पृष्ठभूमि से जुड़े कई रोचक तथ्य सामने आए हैं। कहीं विधायक की पत्नी के पास करीब 55 लाख रुपए की संपत्ति है तो कहीं रिटायर्ड आईएएस की बेटी के नाम करीब 97 लाख रुपए कीमत के फ्लैट व मकान है। वहीं, पूर्व जिला प्रमुख की पत्नी के पास नकदी, गहने व जमीन और फ्लैट सहित करोड़ों रुपए की संपत्ति है।

वार्ड दो : बीना बैरवा व सीमा बैरवा मैदान में

वार्ड दो से कांग्रेस प्रत्याशी बीना बैरवा की उम्र करीब 45 वर्ष है। शपथ पत्र के अनुसार, साक्षर बीना के पास करीब 55 लाख रुपए की संपत्ति है। उनके पति विधायक दीनदयाल बैरवा के पास जमीन, नकदी, सोने के गहने और महंगी कार सहित करीब दो करोड़ रुपए की संपत्ति है। इसी वार्ड से भाजपा प्रत्याशी सीमा बैरवा की उम्र 43 वर्ष है। वह सीबीएसई से 12वीं उत्तीर्ण हैं। उनके पास 35 हजार रुपए नकद और बैंक में 15 हजार रुपए जमा हैं। दौसा में करीब साढ़े 14 लाख रुपए कीमत का आवास है। उनके पति विजय बैरवा के पास करीब 17 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति है। दोनों ने लोन भी ले रखा है।

वार्ड 21 : पूर्व जिला प्रमुख की पत्नी के पास करोड़ों की संपत्ति

वार्ड 21 से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं कौशल्या बंशीवाल पूर्व जिला प्रमुख जिया लाल बंशीवाल की पत्नी हैं। उनकी उम्र 69 वर्ष है और वह आठवीं उत्तीर्ण हैं। उनके पास नकदी, गहने और कार सहित करीब 67 लाख रुपए की संपत्ति है। इसके अलावा करीब दो करोड़ 58 लाख रुपए की जमीन और आवास हैं। बेटा विक्रम बंशीवाल सिकराय से विधायक है। कौशल्या के सामने कांग्रेस प्रत्याशी 31 वर्षीय विनीता मीणा हैं। विनीता बीएससी-बीएड हैं। उनके पास साढ़े छह लाख रुपए की चल संपत्ति है। उनके पति अनिल मीणा रेलवे में लोको पायलट हैं। उनकी संपत्ति करीब तीन लाख 60 हजार रुपए है।

वार्ड 24 : नकदी, घर वाहन

यहां से 24 वर्षीय देवांगना भंडारी एमबीए हैं। उनके पास 86 लाख 37 हजार रुपए की चल संपत्ति है। इसके अलावा करीब 97 लाख रुपए कीमत के फ्लैट व अवास की अचल सम्पति हैं। देवांगना के पिता घनश्याम बैरवा रिटायर्ड आईएएस हैं, जबकि उनकी मां ममता भूपेश राजस्थान सरकार में मंत्री रह चुकी हैं। देवांगना के सामने भाजपा प्रत्याशी 40 वर्षीय मधु चुनाव मैदान में हैं। मधु के पास नकदी, गहने और बैंक में जमा राशि सहित करीब 70 लाख रुपए की चल संपत्ति है। इसके अलावा दो करोड़ रुपए से अधिक की अचल संपत्ति है। उनके पति शिवचरण के नाम एक करोड़ 21 लाख रुपए की चल संपत्ति और करीब दो करोड़ 77 लाख रुपए की अचल संपत्ति है।

वार्ड 37 : पूर्व प्रधान के पास एक करोड़ से अधिक की कृषि भूमि

वार्ड 37 से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे प्रहलाद रोहड़ा की उम्र करीब 71 वर्ष है। उनके पास 21 लाख 41 हजार रुपए कीमत के वाहन, गहने और नकदी हैं। इसके अलावा करीब एक करोड़ 37 लाख रुपए मूल्य की कृषि भूमि है। वे दौसा पंचायत समिति के प्रधान रह चुके हैं। उनके सामने भाजपा के 37 वर्षीय राजेश चुनाव मैदान में हैं। राजेश के पास करीब साढ़े सात लाख रुपए की चल संपत्ति और करीब 33 लाख रुपए की अचल संपत्ति है।

Updated on:
21 Oct 2026 02:04 pm
Published on:
21 Oct 2026 02:04 pm