
दौसा। जिले की बालाहेड़ी थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए युवती की छवि खराब करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने युवती के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी तस्वीरें अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियों के साथ सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थीं। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को पीड़िता के परिजन ने बालाहेड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी पुत्री के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी और उसके साथ अश्लील व आपत्तिजनक टिप्पणियां लिखकर वायरल किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने इंस्टाग्राम संचालित करने वाली कंपनी मेटा से तकनीकी जानकारी प्राप्त की। डिजिटल साक्ष्यों और साइबर जांच के आधार पर फर्जी अकाउंट संचालित करने वाले आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाधिकारी श्रीकिशन के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए सवाई माधोपुर जिले के पिलौदा थाना क्षेत्र के नवाजीपुरा निवासी विनोद कुमार मीणा (22) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। अब मोबाइल की फॉरेंसिक जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने फर्जी आईडी के जरिए और किन गतिविधियों को अंजाम दिया था।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी और की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में थानाधिकारी श्रीकिशन के साथ हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल जलसिंह, कांस्टेबल गिल्याराम और कांस्टेबल धर्मसिंह की अहम भूमिका रही।