दौसा

FASTag Annual Pass: राजस्थान में रसोई गैस के बाद हाईवे पर सफर होगा महंगा, 1 अप्रेल से लागू होंगी नई दरें

Highway Toll Charges Hike: रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद आम लोगों को एक और झटका लगने वाला है। अब हाईवे पर सफर करना महंगा होने जा रहा है।
2 min read
Mar 20, 2026
Delhi-Mumbai Expressway-2
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे। फोटो: पत्रिका

FASTag Annual Pass Fee Hike: दौसा। रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद आम लोगों को एक और झटका लगने वाला है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के फैसले के बाद अब हाईवे पर सफर करना महंगा होने जा रहा है। एनएचएआई ने फास्टैग के वार्षिक पास की फीस में वृद्धि करने का निर्णय लिया है। अब यह पास 3000 रुपए के बजाय 3075 रुपए में मिलेगा। नई दरें 1 अप्रेल से लागू होंगी। यह बढ़ोतरी भले ही छोटी नजर आए, लेकिन इसका असर देशभर में लाखों वाहन चालकों पर पड़ेगा।

इस निर्णय का सबसे अधिक असर राजस्थान के दौसा जिले में देखने को मिलेगा। दौसा की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि यहां से हर दिशा में राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरते हैं। दौसा से जयपुर, दिल्ली, कोटा, मनोहरपुर और बांदीकुई की ओर जाने वाले प्रमुख हाईवे मौजूद हैं। ऐसे में यहां के लोगों को रोजाना या नियमित रूप से टोल प्लाजा से गुजरना पड़ता है, जिससे बढ़ी हुई फीस का सीधा असर उनकी जेब पर पड़ेगा।

निजी वाहनों के लिए लागू होता है फास्टैग वार्षिक पास

जानकारी के अनुसार यह बढ़ोतरी 75 रुपए की है, जिससे देशभर में करीब 56 लाख से अधिक उपयोगकर्ता प्रभावित होंगे। फास्टैग वार्षिक पास मुख्य रूप से गैर-व्यावसायिक (निजी) वाहनों के लिए लागू होता है, जिससे बार-बार टोल भुगतान की परेशानी से राहत मिलती है।

200 बार काम में ले सकते है पास

एनएचएआई के अनुसार, वार्षिक पास लेने के बाद वाहन चालक एक वर्ष या अधिकतम 200 टोल यात्राओं तक बिना अतिरिक्त भुगतान के सफर कर सकते हैं। इसके बाद सामान्य टोल शुल्क लागू हो जाता है।

फास्टैग उपयोगकर्ताओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी

अधिकारियों का कहना है कि फास्टैग के उपयोग को बढ़ावा देने और टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों को कम करने के लिए यह व्यवस्था प्रभावी साबित हुई है। पिछले कुछ समय में फास्टैग उपयोगकर्ताओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है।साथ ही डिजिटल भुगतान को भी बढ़ावा मिला है।

वाहन चालकों की जेब पर पड़ेगा अतिरिक्त बोझ

हालांकि, शुल्क में बढ़ोतरी से आम वाहन चालकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। कई लोगों का कहना है कि सड़क सुविधाओं में बड़ा सुधार नहीं होने के बावजूद टोल शुल्क में लगातार वृद्धि चिंता का विषय है।

Updated on:
20 Mar 2026 11:54 am
Published on:
20 Mar 2026 11:54 am