
दौसा. प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए दिसंबर से खेलो राजस्थान गेम्स 2026 शुरू होंगे। खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तर्ज पर होने वाले इस आयोजन में खिलाड़ियों को ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिताओं के लिए 12 खेल शामिल किए गए है, लेकिन इनमें हॉकी और लोकप्रिय खेल क्रिकेट को जगह नहीं मिली है। ऐसे में खेलों के चयन को लेकर सवाल उठ रहे है।
राज्य में खेल प्रतियोगिताएं तीन चरणों में आयोजित करने की योजना है। पहले चरण की प्रतियोगिताएं 1 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक प्रस्तावित है। इसके लिए ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक खिलाड़ी 16 नवंबर तक पंजीयन करवा सकते हैं। प्रतियोगिताओं में सभी आयु वर्ग के महिला और पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
पहला चरण: वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, रस्साकशी और तीरंदाजी।
दूसरा चरण: कबड्डी, फुटबॉल, जूडो और शूटिंग।
तीसरा चरण: खो-खो, कुश्ती, बास्केटबॉल और सितोलिया।
खिलाड़ी खेलो राजस्थान के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। आवेदन के लिए जन आधार कार्ड का उपयोग करना होगा। पंजीयन की अंतिम तिथि 16 नवंबर 2026 है। प्रतियोगिताओं में सभी आयु वर्ग के महिला और पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। संबंधित खेल के लिए लागू पात्रता और दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
खेलो राजस्थान गेम्स में सितोलिया को शामिल किया गया है, लेकिन हॉकी और क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेलों को जगह नहीं मिली। हॉकी में भारतीय खिलाड़ियों ने ओलंपिक में पदक जीते हैं। वहीं, क्रिकेट में भी बड़ी संख्या में खिलाड़ी अपना कॅरियर बना रहे हैं। ऐसे में इन दोनों खेलों को प्रतियोगिता से बाहर रखने पर सवाल उठ रहे हैं। पूर्ववर्ती सरकार ने ग्रामीण ओलंपिक में हॉकी और क्रिकेट दोनों को शामिल किया था। अब खिलाड़ियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने इन खेलों को शामिल करने की जरूरत बताई है।
पहले चरण की प्रतियोगिताएं 1 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक प्रस्तावित हैं। दूसरे चरण का संभावित कार्यक्रम 1 अप्रेल से 15 मई 2027 और तीसरे चरण का 15 अगस्त से 30 सितंबर 2027 तक है।
सरकार खिलाड़ियों की भावना का ध्यान नहीं रख रही है। खेलो राजस्थान गेम्स में क्रिकेट और हॉकी को शामिल नहीं किया गया, जो खिलाड़ियों की भावना के खिलाफ है। सरकार को इस पर दोबारा विचार करना चाहिए। खेल दिवस हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन पर मनाया जाता है। हमने ग्रामीण ओलंपिक में क्रिकेट और हॉकी दोनों को शामिल किया था।
- कृष्णा पूनिया, ओलंपियन एवं पूर्व अध्यक्ष राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद
क्रिकेट में पुरुषों की तरह महिला खिलाड़ी भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर नाम कमा रही हैं। खेल प्रतियोगिताओं में क्रिकेट शामिल होने से महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
-तनिका, राजस्थान महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी
खेलो राजस्थान के तहत क्रिकेट को शामिल करना आवश्यक है। इससे महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
- याना वर्मा, क्रिकेट खिलाड़ी