दौसा

Lalsot Nagar Parishad Result : बुआजी के नाम से चर्चित ‘मीनू’ बनीं दौसा जिले की पहली किन्नर पार्षद, इस बयान से वार्ड 34 बनी हॉट सीट

Meenu Buaji : राजस्थान के दौसा जिले की लालसोट नगर परिषद चुनाव में 'मीनू बुआजी' नाम से चर्चित प्रत्याशी किन्नर मीनू ने जीत हासिल करके इतिहास रच दिया है।
2 min read
Sep 14, 2026
lalsot nagar parishad result meenu kinnar won from hot seat 34
Lalsot Nagar Parishad Result : लालसोट. चुनाव प्रचार के दौरान महिलाओं के साथ मौजूद मीनू किन्नर। (फाइल फोटो)

Meenu Buaji : राजस्थान के दौसा जिले की लालसोट नगर परिषद चुनाव में 'मीनू बुआजी' नाम से चर्चित प्रत्याशी किन्नर मीनू ने जीत हासिल करके इतिहास रच दिया है। लालसोट नगर परिषद चुनावों में चर्चित वार्ड 34 से भाजपा प्रत्याशी मीनू किन्नर ने जीत दर्ज की है। क्षेत्र में बुआजी के नाम से प्रसिद्ध मीनू जिले की पहली किन्नर पार्षद होंगी। अब वे नगर परिषद में पहुंचकर आमजन के मुद्दे उठाएंगी।

बयानबाजी के बाद लालसोट सीट पूरे दौसा चुनाव की सबसे हॉट सीट बनी

किन्नर मीनू चुनाव शुरू होने से ही चर्चा में आ गईं थीं। उन्होंने पहले निर्दलीय नामांकन दाखिल किया था, बाद में भाजपा ने उन्हें वार्ड 34 से प्रत्याशी घोषित किया। चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व मंत्री के उस बयान से भी माहौल गरमा गया था, जिसमें उन्होंने मीनू का चुनाव जीतना लालसोट पर कलंक बताया था। देशभर से कई किन्नरों ने इस बयान पर आपत्ति जताई थी और निर्वाचन अधिकारी ने भी नोटिस जारी किया था। इस घटनाक्रम के बाद लालसोट सीट पूरे दौसा चुनाव की सबसे हॉट सीट बन गई है। ऐसे में किन्नर मीनू की जीत को उनके खिलाफ हुई बयानबाजी के जवाब के तौर पर भी देखा जा रहा है।

किन्नर पैदा होने में मेरा क्या कसूर?

पूर्व मंत्री की टिप्पणी के बाद मीनू किन्नर का एक भावुक वीडियो संदेश सामने आया, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा था। आंखों में आंसू लिए मीनू ने सवाल उठाया, उन्होंने पूर्व मंत्री से हाथ जोड़कर ऐसी बयानबाजी न करने की विनती की और कहा कि पूरी बस्ती और समाज ही उनका परिवार है।

कई वार्डों में परिणाम रहे अप्रत्याशित

नगर परिषद के कई वार्डों में परिणाम अप्रत्याशित रहे। वार्ड 16 में टिकट नहीं मिलने के बाद बागी खड़े हुए पूर्व चेयरमैन प्रेम चौधरी चौथे नंबर पर रहे। इसी वार्ड में वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल बैनाड़ा को भी हार का सामना करना पड़ा। वार्ड 35 में भाजपा का टिकट मिलने के बाद कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व पालिका उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम जोशी तीसरे स्थान पर रहे।

इनको देखना पड़ा हार का मुंह

भाजपा नगर मंडल के पूर्व अध्यक्ष सत्यनारायण बोहरा की पुत्रवधू, पूर्व पार्षद रामफूल सैनी, पूर्व पार्षद विमला शर्मा, सुनीता सुकारिया, ममता जोशी, चन्द्रशेखर जांगिड, राकेश बिहारी को हार का मुंह देखना पड़ा। वहीं गत बोर्ड में शामिल कई पूर्व पार्षदों को फिर जीत मिली। इनमें पिंकी चतुर्वेदी, रक्षा मिश्रा, संतोष स्वामी, टेकचंद मालिया, जेपी सैनी, रीना महावर, बृजमोहन सैनी, कमलेश सैनी शामिल हैं। लालसोट नगर परिषद चुनाव की 35 सीटों का रिजल्ट घोषित किया गया है। इनमें 18 कांग्रेस, 12 भाजपा और 5 सीटों पर निर्दलीय ने जीत हासिल की है।

Updated on:
14 Sept 2026 06:27 pm
Published on:
14 Sept 2026 06:03 pm