
दौसा। जिले के मंडावर थाना क्षेत्र के टीला खेड़ली कलां गांव में शनिवार सुबह बाजरे के खेत में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। खेत में चारा लेने गई महिलाओं ने शव देखा और ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक की पहचान राहुल उर्फ भानु पुत्र कृपाल मीणा के रूप में हुई।
मृतक के परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मंडावर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मृतक की बड़ी बहन ललिता पत्नी मोतीराम मीणा निवासी टुंडपुरा, थाना वैर, जिला भरतपुर ने रिपोर्ट में बताया कि राहुल रात को घर से गया था। बाद में बाजरे के खेत में उसके साथ मारपीट किए जाने की सूचना मिली। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल लेकर गए, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजन मंडावर थाने पहुंचे और राहुल के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाने के साथ ही मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। परिजन आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे और काफी देर तक थाने के बाहर बैठे रहे।
दोपहर में थाने में परिजनों के बयान लिए जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस कार्रवाई का वीडियो बना रहे एक युवक के साथ धक्का-मुक्की होने और एडिशनल एसपी द्वारा थप्पड़ मारने के आरोप के बाद माहौल गरमा गया। इसके विरोध में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष परिजन मंडावर थाने के सामने गांधी चौक पर बैठ गए और सड़क पर जाम लगा दिया। परिजनों ने पुलिस पर अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से समझाइश की। इसके बाद स्थिति शांत हुई और परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। शनिवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव प्राप्त किया और अंतिम संस्कार किया।
मामले की जांच मंडावर थानाधिकारी प्रवीण कुमार मीणा को सौंपी गई है। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों, मृतक की कॉल डिटेल और संभावित आरोपियों के संबंध में जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारण और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट नहीं हुई है।
दौसा के एडिशनल एसपी शंकरलाल मीणा ने थप्पड़ मारने के आरोप से इनकार किया है। उनका कहना है कि परिजनों के साथ थप्पड़ मारने जैसी कोई बात नहीं हुई। बयान के दौरान एक युवक को धक्का लगा था, जिसे बाद में समझाइश दी गई। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत करंट लगने से होने की आशंका है और करंट से झुलसने की संभावना भी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा। पुलिस के अनुसार युवक के खिलाफ किसी आपराधिक रिकॉर्ड की भी पुष्टि नहीं हुई है।