16 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जयपुर में तीन साल से अवैध हथियार बेच रहे दो बदमाश गिरफ्तार, पुलिस से बचने के लिए करते थे दिहाड़ी मजदूरी

Weapon Smugglers Arrested: जयपुर में MP से अवैध पिस्टल लाकर बेचने वाले दो बदमाश गिरफ्तार हुए हैं। पुलिस ने उनके पास से 2 पिस्टल, 3 मैग्जीन और 5 कारतूस बरामद किए।
2 min read
Google source verification
Weapon Smugglers Arrested

अवैध हथियार की सप्लाई करने वाले दो आरोपी

जयपुर में अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े दो बदमाशों को पुलिस ने शनिवार शाम गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्य प्रदेश से पिस्टल और कारतूस लेकर जयपुर आते थे और यहां जरूरत के हिसाब से उन्हें बेचते थे। खास बात यह है कि पुलिस की नजर से बचने के लिए दोनों ने दिहाड़ी मजदूर का काम अपना रखा था। तलाशी में इनके पास से 2 पिस्टल, 3 मैग्जीन और 5 कारतूस मिले हैं। पुलिस को पूछताछ के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े और हथियार मिलने की उम्मीद है।

तीन साल से कर रहे थे अवैध हथियारों की सप्लाई

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में धर्मेन्द्र उर्फ कुलविंदर उर्फ कुलदीप उर्फ अजय गुर्जर (24) और सोमित्रा लोधी (26) शामिल हैं। दोनों मध्य प्रदेश के भिण्ड-मुरैना के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों करीब तीन साल से जयपुर में रह रहे थे। उन्होंने खोराबीसल इलाके के मां दुर्गा विहार-5 में किराए पर कमरा ले रखा था। इसी ठिकाने से वे मजदूरी के साथ अवैध हथियारों की सप्लाई का काम भी चला रहे थे।

मजदूरी की आड़ में चलता था तस्करी का खेल

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए दिहाड़ी मजदूरी को ढाल बनाया हुआ था। इससे आसपास के लोगों को भी उनके असली काम का अंदाजा नहीं हुआ। हथियारों की डिमांड मिलने पर धर्मेन्द्र के कहने पर सोमित्रा मध्य प्रदेश जाता था। वहां से अवैध पिस्टल और कारतूस खरीदकर उन्हें जयपुर लाया जाता था। इसके बाद ग्राहक मिलने पर इन्हें आगे बेच दिया जाता था। इस तरह दोनों लंबे समय से जयपुर में रहकर सप्लाई का काम कर रहे थे।

एक पिस्टल पर कमाते थे 10 से 15 हजार रुपए

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी मध्य प्रदेश से कम कीमत पर अवैध हथियार खरीदते और जयपुर में उन्हें ज्यादा दाम पर बेचते थे। एक पिस्टल की बिक्री पर करीब 10 से 15 हजार रुपए तक का मुनाफा कमाने की बात सामने आई है। पूछताछ में आरोपियों ने जयपुर में पहले भी काफी संख्या में तस्करी कर लाए गए हथियार बेचने की जानकारी दी है। अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि ये हथियार किन लोगों को बेचे गए और इनके संपर्क में कौन-कौन लोग थे।

पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल

डीएसटी वेस्ट के हेड कॉन्स्टेबल भरत सिंह को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी मध्य प्रदेश से अवैध हथियार लेकर खोराबीसल इलाके में सप्लाई करने पहुंचे हैं। इसके बाद डीएसटी प्रभारी गणेश सैनी के नेतृत्व में टीम ने शनिवार शाम इलाके में घेराबंदी की। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से 2 पिस्टल, 3 मैग्जीन और 5 कारतूस बरामद किए। कार्रवाई के बाद आरोपियों को खोराबीसल थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।

बड़ी खबरें

View All

जयपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग