दौसा जिले की छात्रा नंदिनी विजय ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया है। नंदिनी ने 600 में से 595 अंक हासिल कर 99.17 प्रतिशत प्राप्त किए हैं।
दौसा। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने कक्षा 10वीं का परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। दौसा जिले की छात्रा नंदिनी विजय ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया है। नंदिनी ने 600 में से 595 अंक हासिल कर 99.17 प्रतिशत प्राप्त किए हैं, जिससे उनका नाम प्रदेश के टॉप विद्यार्थियों में शामिल हो गया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल है।
नंदिनी दौसा शहर की नई मंडी रोड स्थित शेखावाटी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा हैं। उनकी मां चेतना गुप्ता संस्कृत शिक्षा विभाग में शिक्षिका हैं, जबकि पिता नरेंद्र विजय एक निजी कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। नंदिनी की सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत के साथ-साथ परिवार और शिक्षकों का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा है।
नंदिनी ने बताया कि वह रोजाना लगभग 6 से 7 घंटे पढ़ाई करती थीं। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय स्कूल के प्रिंसिपल, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया। उनका कहना है कि पढ़ाई के दौरान उन्होंने मोबाइल का इस्तेमाल काफी कम किया और रोजाना पढ़ाई का एक लक्ष्य तय कर उसे पूरा करने की कोशिश की। नंदिनी का मानना है कि पढ़ाई का समय कम भी हो तो उसे पूरी एकाग्रता और लगन के साथ करना चाहिए। आगे वह इंजीनियरिंग के क्षेत्र में जाना चाहती हैं और इसके लिए JEE परीक्षा की तैयारी करने का लक्ष्य रखती हैं।
इस वर्ष राजस्थान बोर्ड 10वीं परीक्षा के लिए कुल 10,65,304 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 10,47,950 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। परिणाम में कुल 94.29 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे। छात्राओं का पास प्रतिशत 94.20 रहा, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 93.63 दर्ज किया गया।
नंदिनी विजय की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि दौसा जिले के लिए भी गर्व का विषय बन गई है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि मेहनत, सही मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प से बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है।