दौसा

‘जीत गईं तो लालसोट पर कलंक होगा’, किन्नर प्रत्याशी पर परसादी लाल मीणा की विवादित टिप्पणी; चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस

दौसा जिले के लालसोट में नगर परिषद चुनाव प्रचार के बीच पूर्व मंत्री परसादी लाल मीणा की थर्ड जेंडर प्रत्याशी को लेकर की गई विवादित टिप्पणी पर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
2 min read
Sep 10, 2026
Parsadi Lal Meena
परसादी लाल मीणा। पत्रिका फाइल फोटो

दौसा। दौसा जिले के लालसोट में नगर परिषद चुनाव प्रचार के बीच पूर्व मंत्री परसादी लाल मीणा की थर्ड जेंडर प्रत्याशी को लेकर की गई विवादित टिप्पणी पर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर प्रसारित बयान का संज्ञान लेते हुए रिटर्निंग अधिकारी विजेन्द्र कुमार मीना ने पूर्व मंत्री को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का नोटिस जारी कर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।

नोटिस में समय पर जवाब नहीं देने पर एकतरफा कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। निर्वाचन अधिकारी विजेन्द्र कुमार मीना ने बताया कि पूर्व मंत्री को नोटिस दिया गया है। उनके जवाब का परीक्षण किया जा रहा है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि वार्ड 1 में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में सभा के दौरान परसादी लाल मीना ने वार्ड 34 से भाजपा प्रत्याशी मीनू किन्नर (थर्ड जेंडर) को लेकर कहा था कि यदि वे चुनाव जीत गईं तो यह लालसोट पर कलंक होगा और वार्ड की पहचान किन्नर के रूप में हो जाएगी।

उन्होंने वार्ड के मतदाताओं से मीनू को चुनाव नहीं जिताने की अपील करते हुए कहा कि किन्नर समाज का काम लोगों की सेवा करना और आशीर्वाद देना है, चुनाव लड़ना नहीं। साथ ही उन्होंने मीनू किन्नर से चुनाव से हटने की अपील भी की थी। बता दें कि कि नगर परिषद चुनाव में वार्ड नंबर 34 इस बार खास चर्चा में है। यहां भाजपा ने मीनू किन्नर को प्रत्याशी बनाया है। किन्नर प्रत्याशी के चुनाव मैदान में उतरने के बाद से ही यह वार्ड लालसोट की हॉट सीट बना हुआ है।

मीनू किन्नर ने दिया था भावुक जवाब

बयान के जवाब में वीडियो जारी कर मीनू किन्नर ने कहा, “किन्नर पैदा होने में मेरा क्या कसूर?” उन्होंने कहा कि वे भी इंसान हैं और चुनाव लड़ना सभी का अधिकार है। उन्होंने परसादीलाल मीणा से हाथ जोड़कर ऐसी टिप्पणी नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि पूरा समाज और बस्ती ही उनके लिए परिवार है।

लालसोट विधायक ने की पूर्व मंत्री के बयान की निंदा

लालसोट विधायक रामविलास मीणा ने पूर्व मंत्री के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लालसोट नगर परिषद चुनाव में किन्नर समाज की सम्मानित और समर्पित मीनू बुआजी को टिकट दिया है। लेकिन हार की बौखलाहट में पूर्व मंत्री परसादी लाल जी मीणा ने जिस तरह मीनू बुआजी और उन्हें वोट देने वाले वार्डवासियों के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, वह बेहद शर्मनाक है।