
राजेश शर्मा
दौसा। गणित के कठिन से कठिन सवाल अब दौसा के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को डराएंगे नहीं। जिला प्रशासन ने दसवीं के विद्यार्थियों की गणित मजबूत करने के लिए एआई आधारित ‘पढ़ाई विथ एआई’ पोर्टल शुरू किया है। इसमें अब तक 488 सरकारी स्कूलों के 13,551 विद्यार्थी पंजीकृत हो चुके हैं। विद्यार्थियों को गणित की पढ़ाई कराने के लिए 11 मास्टर ट्रेनर नियुक्त किए गए हैं।
एआई पहले हर विद्यार्थी का गणित में स्तर समझेगी और फिर उसकी क्षमता के अनुसार आसान से कठिन सवालों की तैयारी कराएगी। दौसा में छात्र-छात्राओं के बीच कलक्टर दीदी के नाम से चर्चित आईएएस सौम्या झा का प्रयास बोर्ड परीक्षा से दो माह पहले गणित का पूरा पाठ्यक्रम पूरा कराने का है।
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा के अनुसार ‘पढ़ाई विथ एआई’ पोर्टल का संचालन उन सरकारी स्कूलों में किया जाएगा, जहां कंप्यूटर लैब और स्मार्ट बोर्ड की सुविधा उपलब्ध है। यहां एक्सपर्ट विद्यार्थियों को पोर्टल के माध्यम से गणित पढ़ाएंगे। विद्यार्थी पढ़ाई के दौरान अपने सवाल भी पूछ सकेंगे। एडीईओ अंजुल गुप्ता के अनुसार इसी माह विद्यार्थियों का पहला बेसलाइन टेस्ट कराया जाएगा। इससे विद्यार्थियों के गणित के मौजूदा स्तर का आकलन होगा। इसके बाद उसी के अनुसार पढ़ाई की रणनीति तैयार की जाएगी। प्रयास रहेगा कि बोर्ड परीक्षा से करीब दो माह पहले दसवीं का पूरा गणित पाठ्यक्रम पूरा हो जाए।
एआई आधारित पढ़ाई की खासियत यह होगी कि सभी विद्यार्थियों को एक ही तरीके से नहीं पढ़ाया जाएगा। पहले बच्चे की क्षमता और गणित में उसकी पकड़ का आकलन होगा। कमजोर विद्यार्थियों को आसान सवालों से शुरुआत कराई जाएगी और धीरे-धीरे कठिन सवालों तक ले जाया जाएगा। पढ़ाई दसवीं बोर्ड के पाठ्यक्रम के अनुसार होगी।
जिले के पिछले परीक्षा परिणामों में गणित विद्यार्थियों के लिए बड़ी चुनौती रहा है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में गणित विषय के शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों को परेशानी होती है। प्रशासन का मानना है कि गणित की नींव मजबूत होने से दसवीं का परिणाम बेहतर करने में मदद मिलेगी।
गणित पर पकड़ मजबूत होने का फायदा विद्यार्थियों को आगे भी मिलेगा। जेईई मेन्स और एडवांस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में गणित महत्वपूर्ण विषय है। इंजीनियरिंग क्षेत्र में जाने वाले विद्यार्थियों की नींव मजबूत होगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी इसका लाभ मिलेगा।
| वर्ष | परिणाम | राज्य में स्थान |
|---|---|---|
| 2025-26 | 94.70% | 15वां |
| 2024-25 | 94.69% | 12वां |
| 2023-24 | 94.44% | 19वां |
जिले के दसवीं के छात्र-छात्राएं गणित में होशियार बनें, इसके लिए एआई का मॉडल तैयार किया है। यह बच्चों का स्तर समझेगा और फिर सरल तरीके से गणित के जटिल से जटिल सवालों को हल करना सिखाएगा। मकसद यही है कि गणित में मजबूत होने पर बच्चे अधिक संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हों और इंजीनियरिंग क्षेत्र में जाने वाले विद्यार्थियों का बेस मजबूत होगा।
-डॉ. सौम्या झा, जिला कलक्टर, दौसा