दौसा

Rajasthan: बीकानेर-आगरा हाईवे पर पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर पलटा, तेल रिसाव से मचा हड़कंप

हादसा दौसा जिले के महुवा इलाके में हुआ। एक महिला को बचाने के चक्कर में ज्वलनशील पदार्थ से भरा टैंकर पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की आग लगने की घटना नहीं हुई।

2 min read
Mar 07, 2026
Dausa tanker overturned
टैंकर को सीधा करती हुई क्रेनें। (फोटो-पत्रिका)

दौसा। महुवा स्थित बीकानेर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाडली मोड़ के समीप शनिवार को पेट्रोल-डीजल से भरा इंडियन ऑयल का टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर से ज्वलनशील पदार्थ का रिसाव शुरू होते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस की तत्परता और सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। एहतियात के तौर पर राजमार्ग पर करीब तीन घंटे तक यातायात डायवर्ट रखा गया और चार घंटे की मशक्कत के बाद टैंकर को हटाकर मार्ग सुचारू कराया गया।

जानकारी के अनुसार भरतपुर से दौसा की ओर जा रहा टैंकर पाडली मोड़ के पास अचानक सड़क पर आई एक महिला को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के दौरान चालक और परिचालक समय रहते कूदकर सुरक्षित बच निकले। टैंकर पलटते ही उसमें से पेट्रोल और डीजल का रिसाव होने लगा, जिससे संभावित आगजनी की आशंका को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई।

पुलिस ने इलाके को सुरक्षा घेरे में लिया

सूचना मिलते ही बालाहेडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत सुरक्षा घेरे में क्षेत्र को लेकर लोगों को टैंकर से दूर रहने की हिदायत दी। साथ ही फायर ब्रिगेड को बुलाकर टैंकर पर लगातार पानी का छिड़काव कराया गया, ताकि गर्म इंजन से आग लगने की आशंका खत्म हो सके।

दूसरे टैंकर में भरा गया तेल

इंडियन ऑयल के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर भरतपुर से दूसरा टैंकर मंगवाया गया। साथ ही पलटे टैंकर में भरे पेट्रोल-डीजल को सावधानीपूर्वक उसमें स्थानांतरित किया गया। बताया गया कि टैंकर के दो हिस्सों में पेट्रोल और एक हिस्से में डीजल भरा हुआ था। हादसे में टैंकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके पहिए तक निकल गए।

तीन घंटे रहा यातायात डायवर्ट

हादसे के बाद संभावित खतरे को देखते हुए पुलिस ने पाडली मोड़ से गंगोरी होटल तक यातायात को डायवर्ट कर दिया। करीब तीन घंटे तक वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला गया। बाद में तीन क्रेनों की मदद से पलटे टैंकर को सड़क से हटाकर यातायात को फिर से सामान्य किया गया।

चंद मिनट की देरी से टला बड़ा खतरा

टैंकर पलटने के बाद धीरे-धीरे पेट्रोल और डीजल का रिसाव शुरू हुआ। यदि पलटते समय ही अधिक मात्रा में रिसाव होता या गर्म इंजन के संपर्क में ज्वलनशील पदार्थ आता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस और दमकल की त्वरित कार्रवाई से संभावित आगजनी का खतरा टल गया और राजमार्ग पर बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।

Published on:
07 Mar 2026 05:08 pm