Rajasthan Exhumation News: सैंथल थाना क्षेत्र के पीलवा गांव में 70 दिन पूर्व हुई एक युवक की मौत अब हत्या की आशंका के चलते नए मोड़ पर पहुंच गई है।
दौसा। सैंथल थाना क्षेत्र के पीलवा गांव में 70 दिन पूर्व हुई एक युवक की मौत अब हत्या की आशंका के चलते नए मोड़ पर पहुंच गई है। परिजनों की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद शुक्रवार को दफनाए गए शव को कब्र से बाहर निकालकर मौके पर ही पोस्टमार्टम कराया गया।
जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय टोनी योगी पुत्र हजारीलाल योगी की करीब 70 दिन पूर्व मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने उसे दफना दिया था। लेकिन बाद में परिजनों ने उसकी मौत पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की। इस संबंध में न्यायालय में इस्तगासा पेश कर सैंथल थाने में 1 अप्रेल को मुकदमा दर्ज कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसडीएम से अनुमति लेकर शव को कब्र से बाहर निकालने और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की मांग की। एसडीएम अमृता खंडेलवाल ने आदेश जारी करते हुए तहसीलदार चंद्र सिंह मीणा को मौका मजिस्ट्रेट नियुक्त किया।
शुक्रवार को पुलिस की मौजूदगी में तहसीलदार चंद्र सिंह मीणा की देखरेख में शव को कब्र से निकाला गया। दौसा से चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची और वहीं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान गिरदावर चंद्रपाल मीणा एवं पटवारी पवन शर्मा भी मौजूद रहे।
घटना की जानकारी फैलते ही पीलवा व आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचने लगे, लेकिन भारी पुलिस जाप्ते के कारण किसी को भी स्थल के पास नहीं जाने दिया गया। पहली बार हुई इस तरह की कार्रवाई को लेकर पूरे क्षेत्र में दिनभर चर्चाओं का माहौल बना रहा।