Dausa Looteri Dulhan: दौसा जिले के बांदीकुई क्षेत्र में शादी के नाम पर कथित रूप से संगठित ठगी का मामला सामने आया है।
दौसा। जिले के बांदीकुई क्षेत्र में शादी के नाम पर कथित रूप से संगठित ठगी का मामला सामने आया है। बनापुरा निवासी अनिल कुमार ने बसवा थाने में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के अनुसार राजगढ़ (अलवर) के थेकड़ी कलेशान निवासी गिर्राज प्रसाद ने शादी कराने का भरोसा दिलाते हुए अशोक राम से संपर्क कराया। इसके बाद युवती शिवानी पुत्री सुरेश निवासी रामगढ़ से विवाह की बात तय हुई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शादी की व्यवस्था, गाड़ी किराया, दस्तावेज और अन्य खर्चों के नाम पर साढ़े तीन लाख रुपए की मांग की गई। राशि देने के बाद 10 दिसंबर 2025 को बांदीकुई कोर्ट में स्टांप पर विवाह की औपचारिकताएं पूरी कराई गईं। विवाह के दौरान और बाद में कुल करीब 3.50 लाख रुपए नकद दिए गए।
इसके अलावा सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, नाक की बाली, कुंडल तथा चांदी की पायजेब सहित अन्य जेवरात भी दिए गए। मामले में अजीत कुमार, सोनी और झिलमिल की भी संदिग्ध भूमिका बताई गई है। आरोप है कि सभी ने मिलकर विवाह की योजना बनाई और रकम व जेवर लेने में सहयोग किया।
रिपोर्ट में बताया गया है कि किसी को संदेह न हो, इसके लिए विवाह के बाद युवती 19 दिन तक ससुराल में रही। 30 दिसंबर 2025 की शाम करीब साढ़े 6 बजे वह अचानक घर से लापता हो गई। तलाश करने पर घर में रखे जेवरात और करीब साढ़े 19 हजार रुपये मूल्य की चांदी की चेन भी गायब मिली। मोबाइल फोन बंद मिलने पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
परिजनों का आरोप है कि रकम और जेवर वापस मांगने पर उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।