दौसा

राजस्थान के युवक को लूट ले गई यूपी की दुल्हन, घर से बाहर निकली और फिर नहीं लौटी

राजस्थान के दौसा जिले से शादी के बहाने लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी शादी कराने के लिए पहले 3.50 लाख रुपए दिए। वहीं शादी के बाद यूपी से आई दुल्हन सारा 'माल-पानी' लेकर फरार हो गई।

2 min read
Feb 17, 2026
फरार दुल्हन और पीड़ित युवक (फाइल फोटो)

दौसा। जिले के बसवा थाना क्षेत्र से शादी के नाम पर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बनापुरा गांव निवासी अनिल कुमार को विवाह का झांसा देकर न केवल 3.50 लाख रुपये ऐंठ लिए गए, बल्कि शादी के कुछ ही दिनों बाद दुल्हन घर से जेवर और नकदी लेकर फरार हो गई। पीड़ित को जब स्थानीय स्तर पर राहत नहीं मिली तो उसने न्यायालय की शरण ली, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

अनिल के अनुसार, कुछ बिचौलियों ने उसकी मुलाकात उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले की रहने वाली युवती शिवानी से कराई थी। शादी तय करने के एवज में साढ़े तीन लाख रुपये की मांग की गई। 10 दिसंबर 2025 को स्टाम्प पेपर पर एक लिखित समझौता तैयार किया गया और पारंपरिक रस्मों के साथ विवाह करा दिया गया। परिवार को भरोसा दिलाया गया कि आगे चलकर विधिवत कोर्ट मैरिज भी कराई जाएगी।

ये भी पढ़ें

Rajasthan Motivational Story: गरीब परिवार की बेटी के विवाह में 11 लाख का कन्यादान, भामाशाह की दिलदारी बनी मिसाल

शादी के 20 दिन बाद भागी दुल्हन

बताया गया कि शादी के करीब 20 दिन बाद, 30 दिसंबर की सुबह शिवानी घर से बर्तन साफ करने के बहाने बाहर गई, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी। जब परिजनों ने तलाश की तो पता चला कि अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और लगभग 10 हजार रुपये नकद गायब हैं। इसके बाद परिवार को ठगी का अहसास हुआ।

कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज

पीड़ित ने पहले बसवा थाने में शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई न होने पर बांदीकुई न्यायालय में अर्जी लगाई। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने शिवानी सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

जांच अधिकारी मनोहर लाल ने बताया कि अदालत के निर्देश पर प्रकरण दर्ज किया गया है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि महिला कथित तौर पर लिव-इन संबंध में रह रही थी। परिवादी ने कुछ लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।

ये भी पढ़ें

ममता बनाम मोहब्बत: बच्चों को छोड़ प्रेमी संग भाग रहीं मां, 15% बढ़ा ‘हम दिल दे चुके सनम’ वाला ट्रेंड

Published on:
17 Feb 2026 05:29 pm
Also Read
View All

अगली खबर