
राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना 'वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया' और श्रीगंगानगर से गुजर रही मानसून ट्रफ लाइन राज्य में लगातार नमी ला रही है। इसके प्रभाव से कुछ दिन पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में मध्यम से भारी और कहीं-कहीं अतिभारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है। मुख्य रूप से बारां, दौसा, धौलपुर, झालावाड़, करौली और सवाईमाधोपुर जिलों में कई स्थानों पर भारी बारिश हुई। इस दौरान सवाईमाधोपुर के तलवाड़ा में सर्वाधिक 131 मिमी (5 इंच से अधिक) बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया और नदियां-नाले उफान पर आ गए।
प्रदेश के दौसा जिले के महुवा कस्बा क्षेत्र में शनिवार को भी झमाझम बारिश हुई। शुक्रवार से हो रही लगातार बारिश के कारण कस्बे के मुख्य बाजार सहित गुर्जर मोहल्ला, माम्मू कॉलोनी, तहसील रोड और अन्य कॉलोनियों में बरसाती पानी भर गया। कई स्थानों पर पानी दुकानों के अंदर तक पहुंच गया, जिससे व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुख्य बाजार में जलभराव के कारण दुकानदार अपनी दुकानें तक नहीं खोल सके। वहीं, जिन दुकानों में पानी प्रवेश कर गया, वहां रखा सामान भीग गया। इससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। दुकानदारों का कहना है कि हर बार बारिश के दौरान कस्बे में इसी तरह के हालात बनते हैं, लेकिन स्थायी जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है
कस्बे के मुख्य बाजार और कॉलोनियों में बारिश का पानी जमा होने का प्रमुख कारण समुचित जल निकासी व्यवस्था का अभाव बताया जा रहा है। नगर पालिका की ओर से बरसाती पानी की निकासी के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाने से बारिश का पानी निचले इलाकों में एकत्रित हो जाता है। इससे आमजन के साथ व्यापारियों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। पानी भरने से लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ। बाजार में पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। कई जगह लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।
दौसा जिले के नांगल राजावतान उपखंड मुख्यालय सहित आसपास के गांव चूडियावास, बैजवाडी, छारेडा, अभयपुरा, मलवास, प्यारीवास, मानपुरिया आदि में शनिवार सुबह से झमाझम व दिनभर रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा।
सुबह दिनभर चले बारिश के दौर से क्षेत्र का मौसम सुहावना हो गया है। कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंडी हवाओं ने मौसम को और खुशनुमा बना दिया।