दौसा

Roadways Bus Robbery: राजस्थान में चलती बस में फिल्मी अंदाज में यात्रियों से हुई थी लूट, 25 साल बाद UP से आरोपी गिरफ्तार

Rajasthan Crime: दौसा कोतवाली थाना पुलिस ने राजस्थान रोडवेज की बस में यात्रियों व परिचालक से हुई लूट के मामले में पिछले 25 साल से फरार चल रहे आरोपी गंभीर सिंह यादव को गिरफ्तार किया है।

2 min read
Apr 20, 2026
Rajasthan-Roadways
राजस्थान रोडवेज। पत्रिका फाइल फोटो

दौसा। कोतवाली थाना पुलिस ने राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) की बस में यात्रियों व परिचालक से हुई लूट के मामले में पिछले 25 साल से फरार चल रहे एक उद्घोषित आरोपी गंभीर सिंह यादव को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद पुलिस थाना क्षेत्र के सराये घासी से डिटेन किया। जब गंभीर के खिलाफ मामला दर्ज हुआ तब उसकी उम्र करीब 33 साल थी। अब पकड़ में आया तब उसकी उम्र करीब 58 साल है।

थानाधिकारी भगवान सहाय शर्मा ने बताया कि तकनीकी सहायता व टीम के प्रयास से इस फरार आरोपी को पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्त गंभीर सिंह यादव पुत्र दाताराम यादव, उम्र 58 साल, सराये घासी, पुलिस थाना सिकंदराबाद, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश का निवासी है। उसकी गिरफ्तारी में हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल यशपाल और कांस्टेबल कुम्हेर सिंह की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ऐसे हुई थी घटना

यह घटना 23 जुलाई, 2001 की रात 10 बजे की है। जब जयपुर से अलीगढ़ के लिए रवाना हुई बस में वारदात हुई। परिचालक मनोज कुमार ने 24 जुलाई, 2001 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, जटवाड़ा पुलिया पार करते ही बस में बैठे पांच आदमी उठे, जिनमें से एक ने चालक को तमंचा दिखाकर गाड़ी रुकवाई, उसे सीट से हटाया और स्वयं वाहन चलाने लगा।

थोड़ा आगे चलकर एक खैरवाल मोड के पास बाईं ओर एक सड़क पर आधा किलोमीटर ले जाकर सभी पांचों व्यक्तियों ने यात्रियों को चाकू व तमंचा दिखाकर उनका सामान, नकदी व जेवरात लूट लिए। वाहन चालक पहले ही चलती गाड़ी की खिड़की से कूद गया था। परिचालक से भी टिकट किराए के 320 रुपये ले लिए गए थे। इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया था।

तेल टैंकर लूट का आरोपी गिरफ्तार, सात साल से था फरार

इधर, दौसा कोतवाली थाना पुलिस ने सात साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी अभियुक्त देवेंद्र कुमार गुर्जर को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त 50 लाख रुपए मूल्य के सरसों के तेल से भरे एक ट्रक की लूट के मामले में वांछित था। पुलिस थाना कोतवाली दौसा के थानाधिकारी भगवान सहाय शर्मा और साइबर सेल प्रभारी प्रेमनारायण शर्मा नेतृत्व में गठित टीमों ने इस मामले में सफलता प्राप्त की।

लूट की यह घटना 17 जुलाई, 2019 को नेशनल हाईवे 11 पर सैंथल पुलिया, दौसा के पास हुई थी। कांस्टेबल दशरथ सिंह ने अभियुक्त को पकड़ने में विशेष भूमिका निभाई। आरोपी देवेन्द्र बहरोड के निकट मोहम्मदपुर गुर्जर गांव का रहने वाला है। इस प्रकरण पहले भी कई आरोपी पकड़े जा चुके।

Published on:
20 Apr 2026 10:38 am