Rajasthan Road Accident: घटना का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हर कोई दहशत में आ गया।
लालसोट। लालसोट-धौलपुर नेशनल हाइवे 23 पर पक्काधोरा गांव के पास शनिवार शाम गोवंश को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित हुई कार द्वारा पदयात्रियों को कुचलने की घटना में दो घायलों ने शनिवार रात्रि को जयपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक कुल तीन जनों की मौत हो चुकी है, चार घायलों का उपचार जारी है।
डिप्टी एसपी दिलीप मीना ने बताया कि रामगढ पचवारा से खुर्रा बीजासणी माता के लिए पदयात्री जा रहे थे। पक्काधोरा गांव के पास एक कार ने पहले गोवंश को टक्कर मारी। इसके बाद अनियंत्रित होकर रोड से गुजर रहे पदयात्रियों को टक्कर मार दी। घटना में ढाबे पर काम करने वाला विक्की कुमार मीणा (35) पुत्र जुगराज मीणा निवासी मीनाखेड़ी, सवाई माधोपुर की मौत हो गई थी, जबकि आधा दर्जन पदयात्री घायल हुए थे। घायलों में लोकेश उर्फ राजेश (27) पुत्र पप्पूलाल मीणा निवासी बिडौली एवं मनीष (25) पुत्र कैलाश चंद मीणा निवासी अमराबाद ने शनिवार रात्रि जयपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मंडावरी थानाधिकारी घासीराम ने बताया कि रविवार सुबह तीनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। कार को पुलिस ने बामनवास थाना इलाके से पकड़ा है। केशंता देवी (40) पत्नी बाबूलाल मीणा निवासी रामगढ़ पचवारा, भगीरथ (20) पुत्र जगदीश मीणा, कमली देवी (35) पत्नी सुखदेव मीणा निवासी चक पृथ्वीसिंहपुरा, कृष्ण (18) पुत्र हरकेश मीणा निवासी रामगढ़ पचवारा का उपचार जारी है।
इस घटना का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हर कोई दहशत में आ गया। वीडियो में महिला-पुरुष जिनमे अधिकांश युवा थे, डीजे पर बजाए जा रहे भजनों पर नाचते गाते खुर्रा बीजासणी माता की ओर जा रहे थे। अधिकांश पदयात्री रोड के साइड में ही चल रहे थे। इसी दौरान लालसोट की ओर से आ रही एक कार पीछे से पदयात्रियों को तेज रतार से कुचलते हुए आगे निकल गई। रोड पर पदयात्री गिर पड़े और चीख-पुकार मच गई।
लोकश उर्फ राजेश एवं मनीष मीना की मौत का समाचार मिलते ही बिडोली व अमराबाद गांवों में मातम पसर गया। शनिवार शाम को घटना की जानकारी के बाद से ही सभी परिजन व ग्रामीण उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित थे, लेकिन जब दोनों की मौत की खबर मिली तो परिजन बिलख पड़े। रविवार सुबह जब पोस्टमार्टम के बाद दोनों युवकों के शव घरों पर पहुंचे तो कोहराम मच गया, परिजन बेसुध हो गए, जिन्हें ग्रामीणों ने ढांढस बंधाया।
अमराबाद सरपंच राकेश हल्कारा ने बताया कि मनीष की शादी 2 साल पूर्व हुई थी एवं करीब एक साल का बेटा भी है। इसके अलावा बिडोली गांव निवासी लोकेश उर्फ राजेश तीन बहिनों के बीच एक ही भाई था, वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।