दौसा

दौसा: रेलवे कर्मचारी का अजमेर से अपहरण, 6 साल से पत्नी से चल रहा था विवाद, मां ने बहू और ससुराल वालों पर लगाए आरोप

Ravi Meena Kidnapping Case: अजमेर रेलवे भर्ती बोर्ड के COS रवि मीणा संदिग्ध हालात में लापता हो गए हैं। परिजनों ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर अपहरण का आरोप लगाते हुए सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज कराया है।
2 min read
Aug 24, 2026
ravi meena
रेलवे अधिकारी रवि मीणा (Photo-Patrika image quality enhnaced by Ai)

दौसा. जिले के बैजूपाड़ा क्षेत्र के पूंदरपाड़ा गांव निवासी रेलवे कर्मचारी रवि कुमार मीणा के अजमेर से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताते हुए अजमेर के सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज कराया है। रवि अजमेर में रेलवे में कार्यरत है। परिजनों के अनुसार रवि 21 अगस्त की शाम रोजाना की तरह कार्यालय से छुट्टी होने के बाद बाहर निकला था, लेकिन इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। उसी दिन से उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। काफी तलाश के बाद भी सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। रवि की मां और अन्य परिजनों ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से बेटे की तलाश कर उसे सकुशल वापस लाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रवि की तलाश में जुटी है।

22 अगस्त के दर्ज करवाई थी रिपोर्ट

पुलिस के अनुसार दौसा, बेजुपाड़ा गांव पुन्दरपाड़ा निवासी सामन्तीदेवी ने 22 अगस्त को रिपोर्ट दी कि उसका पुत्र रवि मीणा(28) अजमेर रेलवे भर्ती बोर्ड कार्यालय में मुख्य कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत था। वह 21 अगस्त शाम करीब 5.30 बजे रेलवे भर्ती बोर्ड कार्यालय से बांदीकुई स्थित अपने गांव के लिए रवाना हुआ था लेकिन अगले दिन तक घर नहीं पहुंचा। उन्होंने रवि के अपहरण की आशंका जताते हुए पुत्रवधू समेत कुछ लोगों पर संदेह जाहिर किया है। पुलिस ने परिवाद लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हर सप्ताह गांव जाता था रवि

परिवाद के अनुसार रवि मीणा प्रत्येक शनिवार-रविवार अपने गांव बांदीकुई जाता था। रिपोर्ट में बताया गया है कि 21 अगस्त को रवि शाम करीब 5.30 बजे रेलवे भर्ती बोर्ड कार्यालय से बांदीकुई के लिए रवाना हुआ। इसके बाद 22 अगस्त तक घर नहीं पहुंचा। परिजन ने रवि के कार्यालय से संपर्क किया तो वहां से उसके शाम को कार्यालय से रवाना होने की जानकारी मिली।

पत्नी से 6 साल से विवाद

रवि की मां सामन्तीदेवी ने परिवाद में बताया कि बेटे का उसकी पत्नी से विवाह के बाद से विवाद चल रहा है। दोनों करीब छह साल से अलग रह रहे हैं। विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने पुत्रवधू सुमित्रा, पुत्रवधू के भाई महेन्द्र, पालाराम, छुट्टन मीणा, इन्द्राज मीणा, पवन मीणा और रघुनाथ सहित कुछ लोगों पर रवि को रेलवे भर्ती बोर्ड कार्यालय के सामने से ही उठाकर ले जाने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस जांच में अभी तक इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पड़ताल के बाद ही रवि के लापता या अगवा होने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Updated on:
24 Aug 2026 12:20 pm
Published on:
24 Aug 2026 12:20 pm