दौसा

Dausa News: पिस्टल की नोक पर युवक का अपहरण कर 92 हजार की लूट, पुलिस के खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश

राजस्थान के दौसा जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां कार सवार बदमाशों ने युवक का अपहरण कर लिया। गाड़ी के अंदर जमकर मारपीट की गई। इसके बाद पिस्टल की नोक पर पीड़ित के खाते से 92 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए।
2 min read
• •
Updated: 25 Oct 2026, 5:40 PM IST
dausa crime
Dausa Crime: मौके पर घटना की जानकारी लेती पुलिस। (फोटो-पत्रिका)

दौसा। सिकंदरा इलाके के ईंटका गांव में शनिवार रात रास्ता पूछने के बहाने कार सवार बदमाशों ने एक युवक का अपहरण कर लिया। मारपीट और हथिउयार का भय दिखाकर मोबाइल का पासवर्ड पूछने के बाद उसके खाते से 92 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए। वारदात के बाद बदमाश उसे बावनपाड़ा स्थित बाणगंगा नदी के पास छोड़कर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे कार सवार तीन से चार अज्ञात बदमाश कैलाश शर्मा पुत्र बाबूलाल शर्मा के घर के पास पहुंचे। बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने कार रोकी। इससे पहले कि युवक कुछ समझ पाता, बदमाश उसे जबरन कार में डालकर ले गए। चलती गाड़ी में उसके साथ मारपीट की गई और हथियार का भय दिखाकर मोबाइल का पासवर्ड पूछ लिया। इसके बाद ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से 92 हजार रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए। वारदात के बाद बदमाश युवक को बाणगंगा नदी के पास छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित ने सिकंदरा थाने पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

लूट का शिकार हुआ पीड़ित कैलाश शर्मा। (फोटो-पत्रिका)

चोरियों का भी खुलासा नहीं, ग्रामीणों में आक्रोश

  • 6 अक्टूबर: कैलाई गांव में हंसराज गुर्जर के मकान की खिड़की तोड़कर चोर एक लाख रुपए नकद और करीब 25 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए थे।
  • दुब्बी गांव में ज्वेलर्स की दुकान से 38 लाख रुपए की चोरी हुई थी। धार्मिक स्थलों से मूर्तियां और कीमती सामान चोरी होने के मामलों में भी पुलिस को सफलता नहीं मिली है।
  • ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार सूचना देने के बावजूद रात्रिकालीन गश्त नहीं बढ़ाई जा रही और न ही अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई हो रही है।

विधायक का अल्टीमेटम भी बेअसर

गत 15 अक्टूबर को सिकंदरा थाने से महज 500 मीटर दूर स्वामीनारायण फैक्ट्री के पास नदी में डोलिका गांव निवासी अमर सिंह बैरवा का शव कीचड़ में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। अमर सिंह करीब डेढ़ महीने से लापता था। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर करीब छह घंटे तक प्रदर्शन किया था। मौके पर पहुंचे सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल ने ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन से वार्ता कर दस दिन में मामले का पर्दाफाश करने का अल्टीमेटम दिया था। इसके बावजूद तय समय सीमा बीतने के बाद भी मामले का खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है।

इनका कहना है-

'लूट की घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अन्य वारदातों का खुलासा करने के प्रयास भी जारी हैं।' -सुरेंद्र सिंह, थाना प्रभारी, सिकंदरा

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
25 Oct 2026, 5:40 PM IST
Published on: