
दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में आश्रम एक्सप्रेस ट्रेन से शराब तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। रेलवे सुरक्षा बल ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। साथ ही उसके कब्जे से पांच बैगों में भरकर ले जाई जा रही बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब की खेप गुजरात ले जा रहा था। मामला सामने आने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार दौसा जिले के बांदीकुई क्षेत्र में आरपीएफ ने आश्रम एक्सप्रेस ट्रेन में सवार एक यात्री को शनिवार देर शाम शराब की 110 बोतलों के साथ दबोचा। आरोपी की पहचान झालाचंद्र सेन (44) निवासी मोटा टिमला सुरेंद्रनगर गुजरात के रूप में हुई है। आरोपी के पास दिल्ली से अहमदाबाद तक का रिजर्व टिकट था।
आरपीएफ को झालाचंद्र सेन के पास 5 बैग मिले। शक के आधार पर जांच की तो बैगों के अंदर विभिन्न ब्रांड की अवैध शराब की बोतलें मिली। आरोपी के पास दो ट्रॉली बैग व तीन बैग थे, जिनमें शराब की 110 बोतल थी। पुलिस ने अवैध शराब को जब्त कर आरोपी को कब्जे में लिया। इसके बाद आबकारी निरोधक दल बांदीकुई को सुपुर्द कर दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हाईवे के रास्ते शराब तस्करी करने में रिस्क रहता है। ऐसे में आरोपी ने ट्रेन के जरिए शराब ले जाने का रास्ता चुना। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश में जुटी हुई है कि आरोपी कब से शराब की तस्करी कर रहा है और इस काम में कौन-कौन लोग मिले हुए हैं।
राजस्थान में ट्रेनों के जरिए शराब तस्करी का यह कोई पहला मामला नहीं है। पहले भी इस तरह के मामले सामने आ चुके है। करीब चार दिन पहले ही राजस्थान आबकारी विभाग ने अन्य राज्यों से हो रही शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर जंक्शन पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपी दलीप ट्रेन के जरिए हरियाणा से बिक्री योग्य 72 शराब की बोतलें लेकर आया था। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार करने के साथ ही ट्रेन से लाई गई 72 शराब की बोलतें जब्त की थी। करीब 5 महीने पहले जोधपुर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में भी शराब तस्करी का ऐसा ही मामला सामने आया था। जोधपुर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस के टॉयलेट में लगे वायर बॉक्स की प्लाई में छिपाकर लाई गई अंग्रेजी शराब की 48 बोतलें जब्त की थी। इससे पहले भी रानीवाड़ा के पास शराब की खेप पकड़ी गई थी।
गुजरात ड्राई स्टेट होने के कारण राजस्थान के रास्ते ट्रेन के जरिए शराब पहुंचाने के मामले लगातार सामने आ रहे है। सड़क मार्ग पर सख्ती बढ़ने के बाद कुछ तस्कर रेल मार्ग का इस्तेमाल करने लगे हैं। लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की अधिक संख्या होने से तस्कर यात्री बनकर बैग, सूटकेस या अन्य सामान में शराब छिपाकर ले जाते हैं। ऐसे में गुजरात जाने वाली ट्रेनों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाता है, ताकि ट्रेन के रास्ते शराब तस्करी पर रोक लगाई जा सके।