दौसा

Dausa Zila Parmukh : कमाल, 37 सीटों में से 20 पर महिलाएं जीतीं, इन 4 में कोई एक बन सकती है जिला प्रमुख

Dausa Zila Parmukh : दौसा जिला परिषद चुनाव के नतीजों में कुल 37 सीटों में से 20 पर महिलाओं ने जीत दर्ज की। ये सभी 20 महिला सदस्य कांग्रेस की है। इस बार इन जीती 4 महिलाओं में कोई एक दौसा जिला प्रमुख बन सकती है। जानें।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 6:57 PM IST
which of these 4 women become dausa zila parmukh won 20 out of 37 seats
Dausa Zila Parmukh : फाइल फोटो पत्रिका।

Dausa Zila Parmukh : दौसा. जिला परिषद चुनाव के नतीजों ने इस बार जिले की राजनीति में महिला शक्ति की मजबूत तस्वीर पेश की है। जिला परिषद की कुल 37 सीटों में से 20 पर महिलाओं ने जीत दर्ज कर आधी से अधिक सीटों पर कब्जा जमाया है। खास बात यह है कि सभी 20 महिला सदस्य कांग्रेस की है। वहीं भाजपा की एक भी महिला प्रत्याशी जिला परिषद सदस्य का चुनाव नहीं जीत पाई। भाजपा के खाते में आई 2 सीटों पर पुरुष प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है।

दौसा जिला परिषद में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण निर्धारित है, लेकिन इस बार महिलाओं ने आरक्षण की सीमा से आगे निकलकर जीत हासिल की है। कुल 37 सदस्यों में 20 महिलाएं और 17 पुरुष चुने गए है। इस तरह जिला परिषद में महिलाओं की भागीदारी करीब 54 प्रतिशत हो गई है। यानी आरक्षित हिस्सेदारी से भी अधिक सीटों पर महिलाओं ने अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई है। चुनाव में मतदान भी महिलाओं ने ज्यादा किया था। अधिकतर महिलाएं पहली बार जीती है।

चुनाव परिणाम के बाद जिला परिषद में महिला सदस्यों का बहुमत नजर आ रहा है। कांग्रेस की सभी 20 महिला प्रत्याशियों की जीत ने पार्टी को महिला प्रतिनिधित्व के मामले में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। दूसरी ओर भाजपा के लिए यह परिणाम महिला प्रत्याशियों के लिहाज से निराशाजनक रहा। पार्टी से एक भी महिला प्रत्याशी जीत नहीं दर्ज कर सकी। भाजपा के दोनों विजेता सदस्य पुरूष हैं।

यह 20 महिलाएं बनीं जिला परिषद सदस्य

चुनाव में जीतने वाली महिलाओं में अहिमा कंवर, बीना बैरवा, रजनी मीना, टीना मीना, राजन्ती, मनीषा मीना, मीरा देवी, हंसी बाई मीना, कमला देवी, मंजू देवी, दखली देवी, देवांगना भंडारी, सोनम देवी, विनीता मीना, रामपति, सीता देवी, मनीषा बाई. अंजू गुर्जर, सुरजा देवी और सुनीता देवी शामिल हैं।

फैक्ट फाइल
कुल सदस्य 37
महिला सदस्य 20
पुरुष सदस्य 17
महिलाओं की हिस्सेदारी : करीब 54 प्रतिशत
महिला आरक्षण 50 प्रतिशत

अब तक 2 महिला बनी जिला प्रमुख
1- कामेरी देवी मीणा
2- गीता खटाणा

जिला प्रमुख की कुर्सी पर रहेगा महिला का कब्जा

जिला परिषद में महिलाओं की संख्या 20 होने के साथ ही इस बार जिले को महिला जिला प्रमुख भी मिलेगी। जिला प्रमुख का पद एससी महिला के लिए आरक्षित होने के कारण जिला परिषद की कमान महिला जनप्रतिनिधि के हाथों में होगी। ऐसे में जिला परिषद में इस बार महिलाओं की भूमिका केवल सदस्य संख्या तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नेतृत्व की जिम्मेदारी भी महिला संभालेगी।

महिला होगी दौसा जिला प्रमुख

दौसा जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने 37 में से 35 सीटों पर जीत दर्ज की है। दौसा जिला प्रमुख की कुर्सी का चेहरा कौन होगा? इस पर चर्चाएं हो रहीं हैं। जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। ऐसे में पार्टी के सामने कई विकल्प हैं।
बीना - वार्ड 2 (SC महिला)
मीरा देवी - वार्ड 11 (SC महिला)
देवांगना भंडारी - वार्ड 19 (SC)
रामपति - वार्ड 28 (SC महिला)।