दौसा

Rajasthan Govt Scheme: युवाओं को मिल रहा आसानी से लोन, सिबिल स्कोर की जरूरत नहीं; ब्याज सिर्फ 5.5 प्रतिशत

Rajasthan Govt Scheme: राजस्थान वित्त निगम के कार्यकारी निदेशक डॉ. हरसहाय मीणा से राजस्थान पत्रिका की खास बातचीत-
2 min read
Jul 31, 2026
Personal Loan Tips
हाई क्रेडिट स्कोर पर आपको कम रेट पर लोन मिल सकता है। (PC: AI)

दौसा। नए उद्यमियों और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए राजस्थान वित्त निगम कई योजनाओं के माध्यम से आसान ऋण उपलब्ध करा रहा है। खास बात यह है कि निगम से ऋण लेने के लिए सिबिल स्कोर अनिवार्य नहीं है। युवा उद्यमिता प्रोत्साहन योजना के तहत मात्र 5.5 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर उद्योग शुरू करने के लिए ऋण दिया जा रहा है। राजस्थान वित्त निगम के कार्यकारी निदेशक (आईएएस) डॉ. हरसहाय मीणा ने निगम की योजनाओं, उपलब्धियों और युवाओं के लिए संदेश को लेकर राजस्थान पत्रिका से विशेष बातचीत की।

सवाल: बिजनेस शुरू करने वालों के लिए निगम की कौनसी योजना है, जिससे ऋण लेना आसान हो?
जवाब: राजस्थान वित्त निगम में कोई भी व्यक्ति तय मापदंडों को पूरा कर अपने व्यवसाय के लिए ऋण ले सकता है। सामान्य तौर पर बैंक ऋण देने से पहले सिबिल स्कोर को देखते हैं, लेकिन निगम में सिबिल स्कोर अनिवार्य नहीं है। हमारा उद्देश्य नए उद्यमियों को आगे बढ़ाना और उन्हें रोजगार देने वाला बनाना है।

सवाल: युवाओं के लिए विशेष योजना क्या है?
जवाब: युवा उद्यमिता प्रोत्साहन योजना के तहत युवाओं को उद्योग स्थापित करने के लिए मात्र 5.5 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर ऋण दिया जा रहा है। इस योजना की खास बात यह है कि इसमें किसी प्रकार का फाइल चार्ज या अन्य शुल्क नहीं लिया जा रहा है। इससे युवाओं के लिए उद्योग शुरू करना आसान हो रहा है।

सवाल: राजस्थान वित्त निगम वर्तमान में किस स्थिति में है?
जवाब: निगम लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। एक वर्ष पहले निगम करीब एक करोड़ रुपए के फायदे में था, जो अब बढ़कर कई गुणा ज्यादा हो गया है। हालांकि निगम का मुख्य उद्देश्य केवल लाभ कमाना नहीं, बल्कि लोगों को स्वरोजगार से जोड़ना है।

सवाल: पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण अभियान के तहत कितने पौधे लगाए गए हैं?
जवाब: अब तक करीब सात लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। इसके लिए विशेष टीम बनाई गई है। सावन और भाद्रपद माह में प्रत्येक शनिवार और रविवार को पौधरोपण किया जाएगा। मंदिरों, घरों और सुरक्षित स्थानों पर लगाए गए करीब 80 से 90 प्रतिशत पौधे सुरक्षित हैं, जबकि अन्य स्थानों पर 40 से 50 प्रतिशत पौधे जीवित हैं।

सवाल: युवाओं के लिए आपका संदेश क्या है?
जवाब: युवा चाहे पढ़ाई करें या अपना व्यवसाय शुरू करें, सफलता के लिए नियमित मेहनत और ईमानदारी जरूरी है। असफलता से घबराने की जरूरत नहीं है। हार से सीख लेकर और अधिक मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। प्रयास करने वालों को सफलता जरूर मिलती है।

Updated on:
31 Jul 2026 04:00 pm
Published on:
31 Jul 2026 03:49 pm